समर्थन जोड़ेंगे सामान्य वर्ग कर्मी

By: Apr 12th, 2017 12:01 am

कर्मचारी संघ ने लिया जनजागरण मुहिम छेड़ने का फैसला

शिमला —  सामान्य वर्ग कर्मचारी कल्याण महासंघ जल्द ही प्रदेश भर में जनजागरण अभियान चलाएगा। महासंघ इस अभियान के दौरान सामान्य वर्गों का सहयोग हासिल करेगा। गौर हो कि हिमाचल प्रदेश में 85वें संविधान संशोधन के मुद्दे पर लंबे समय से चल रही सामान्य वर्ग कर्मचारियों और अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग कर्मचारियों के बीच लड़ाई खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। दोनों वर्गों के कर्मचारी अपने-अपने हक के लिए लड़ रहे हैं और इनका मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। इस बीच सामान्य वर्ग कर्मचारी कल्याण महासंघ ने ऐलान किया है कि वह प्रदेश भर में जनजागरण अभियान चलाएगा। इसकी शुरुआत हमीरपुर, ऊना व मंडी से होगी, जिसके बाद अन्य जिलों में भी जनजागरण किया जाएगा। गौर हो कि 85वें संविधान संशोधन को लेकर इन दोनों वर्गाें के कर्मचारियों की जंग चल रही है। इसी को लेकर सामान्य वर्ग महासंघ की बैठक मंगलवार को शिमला में हुई। महासंघ के अध्यक्ष प्रदीप जसवाल व महासचिव भूतेश्वर चौहान ने कहा कि अनुसूचित जाति संघ न अनुसूचित जनजाति संघ इस मुद्दे को लेकर न्यायालय में गया है और इस मामले की अगली सुनवाई 10 जुलाई को होनी है। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग कर्मचारी कल्याण महासंघ का पक्ष रखने के लिए उनके वकील ने भी सुप्रीम कोर्ट में हाजिरी भरी है। उन्होंने कहा कि 85वां संविधान संशोधन लागू होता है तो आरक्षित वर्ग को 17 जून, 1995 से परिणामी वरिष्ठता दी जाएगी, जिससे सामान्य वर्ग एवं अन्य पिछड़े वर्ग के कर्मचारियों की डिमोशन होगी। जहां से इस वर्ग के कर्मचारियों ने नौकरी शुरू की थी, वे लगभग वहीं पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में भी सामान्य वर्ग कर्मचारी पूरी ताकत के साथ  इस लड़ाई को लड़ेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App