सीएम पद से इस्तीफा दें वीरभद्र

By: Apr 1st, 2017 12:01 am

 भाजपा उपाध्यक्ष बोले, आय से अधिक संपत्ति के आरोप सही

हमीरपुर —  दिल्ली उच्च न्यायालय ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में दायर याचिका खारिज कर दी है। इससे साबित होता है कि उनके पास आय से अधिक संपत्ति के लगाए गए आरोप सही हैं। ये शब्द भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी रणधीर शर्मा ने कहे। उन्होंने कहा कि सीएम ने न्यायालय में अपील की थी कि इस मामले में दर्ज करवाई गई एफआईआर रद्द की जाए। न्यायालय के आदेशानुसार सीबीआई ने चार्जशीट दायर कर दी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले ही दो लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। सीबीआई जांच के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की गिरफ्तारी भी संभव है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए सीएम पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्हें अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व सांसद अनुराग ठाकुर पर कई केस दर्ज करवाए। ये सारे मामले एक के बाद एक झूठे साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 23 सितंबर, 2013 को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। अब स्थिति गंभीर हो गई है, सीबीआई ने अपनी जार्चशीट दायर कर दी है। हालांकि सीएम कहते रहे कि उनके खिलाफ षड्यंत्र किया जा रहा है। अब कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि ऐसा कुछ नहीं है, इससे आरोपों की सत्यता सिद्ध हो गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार लोकतंत्र का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा में भाजपा की सरकार बनेगी। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल ठाकुर, महामंत्री अजय शर्मा उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App