स्वरोजगार-शिक्षा को 4.62 करोड़ का ऋण

By: Apr 1st, 2017 12:01 am

धर्मशाला —  हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम ने वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान पिछडे़ वर्ग के 173 लोगों को स्वरोजगार तथा शिक्षा के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत 4.62 करोड़ रुपए के ऋण प्रदान किए हैं। हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष चंद्र कुमार ने शुक्रवार को निगम के निदेशक मंडल की 35वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में वित्त वर्ष 2016-17 के 178.34 लाख रुपए के व्यय का अनुमोदन किया गया। साथ ही वित्त वर्ष 2017-18 का 255.25 लाख रुपए का अनुमानित बजट पारित किया गया। चंद्र कुमार ने कहा कि निगम की स्थापना पिछडे़ वर्ग के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए की गई है। इस अवसर पर निगम के निदेशक मंडल के सदस्य पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, कैप्टन प्रताप चौधरी, सुरेश कुमार, मदन चौधरी, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति व जन जाति विकास निगम के प्रबंध निदेशक हर्षवर्धन सहित अन्य गैर सरकारी सदस्य एवं जिला कल्याण अधिकारी नरेंद्र जरियाल उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App