हमने चूडि़यां नहीं पहन रखीं

By: Apr 5th, 2017 12:01 am

कांग्रेस का भाजपा पर हमला, सीएम के खिलाफ रचा जा रहा षड्यंत्र

शिमला —  प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ  प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई की निंदा की है। उनका कहना है कि यह सब एक षड्यंत्र के तहत राजनीतिक उद्देश्य की पूर्ति के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष महासचिव राम लाल ठाकुर, गंगू राम मुसाफिर, केहर सिंह खाची व कुलदीप पठानिया ने प्रदेश भाजपा पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने भी कोई चूडि़यां नहीं पहन रखी हैं। भाजपा कांग्रेस के धैर्य की परीक्षा न ले, वह भी ईंट का जवाब पत्थर से देने में सक्षम हैं। उक्त नेताओं ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल इन दिनों मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। अपनी राजनीतिक खीज मिटाने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। धूमल एंड सन्ज मुख्यमंत्री के मामले को लेकर इतने उतावले हैं कि वे सभी मान मर्यादाओं को भूलते जा रहे हैं। जनमत का अपमान करना इनकी आदत बन गई है। धूमल परिवार की राजनीतिक हैसियत क्या है, चुनावों के बाद पता चल जाएगी। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के दिल्ली स्थित फार्म हाउस पर ईडी की कार्रवाई पर हैरानी जताते हुए कहा है कि एक तरफ यह सारा मामला न्यायालय के विचाराधीन है तो दूसरी तरफ  संपत्ति को ऐसे अटैच कर रहे हैं, मानों वीरभद्र सिंह अपनी संपत्ति को कहीं उठाकर दूसरी जगह ले जा रहे हों। एक ही मामले में सीबीआई, विजिलेंस और ईडी देश की न्याय व्यवस्था को भी चुनौती दे रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि पार्टी भोरंज उपचुनाव में भी जीतेगी और इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में भी प्रदेश के लोग भाजपा के सभी षड्यंत्रों का मुंहतोड़ जवाब देगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App