18 प्रतिशत बढ़ा कर संग्रह

By: Apr 5th, 2017 12:05 am

वर्ष 2015-16 की तुलना में 14.2 फीसदी की बढ़ोतरी

newsनई दिल्ली – वित्त वर्ष 2016-17 में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष कर संग्रह लगभग 18 प्रतिशत बढ़कर 17.10 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया। वित्त मंत्रालय ने 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष के कर संग्रह के अंतिम आंकड़े मंगलवार को जारी किए। इसके अनुसार कुल कर संग्रह 17.10 लाख करोड़ रुपए रहा, जबकि संशोधित लक्ष्य 16.97 लाख करोड़ रुपए और बजट लक्ष्य 16.25 लाख करोड़ रुपए था। राजस्व विभाग के आंकड़ों में बताया गया है कि मार्च 2017 तक प्रत्यक्ष कर संग्रह 8.47 लाख करोड़ रुपए, रहा जो वित्त वर्ष 2015-16 की तुलना में 14.2 प्रतिशत अधिक है। अप्रत्यक्ष कर संग्रह भी 22 प्रतिशत बढ़कर 8.63 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया। राष्ट्रीय कर प्रत्यक्ष कर संग्रह के मामले में आलोच्य वित्त वर्ष में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया। इसमें कारपोरेट आयकर संग्रह 13.1 प्रतिशत और व्यक्तिगत आयकर संग्रह 18.4 प्रतिशत बढ़ा है। हालांकि रिफंड के आंकड़ों को शामिल करते हुए कारपोरेट आयकर संग्रह 6.7 प्रतिशत और व्यक्तिगत आयकर संग्रह 21 प्रतिशत बढ़ा है। वित्त वर्ष के दौरान आयकर विभाग ने 1.62 लाख करोड़ रुपए का कुल रिफंड दिया जो वित्त वर्ष 2015-16 की तुलना में 32.6 प्रतिशत अधिक है। अप्रत्यक्ष करों केंद्रीय उत्पाद शुल्क, सेवा कर और सीमा शुल्क का संग्रह 22 प्रतिशत बढ़कर 8.63 लाख करोड़ रुपए पर रहा। संशोधित अनुमान की तुलना में यह 1.35 प्रतिशत अधिक रहा। केंद्रीय उत्पाद शुल्क संग्रह 2.86 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर 3.83 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया। इस प्रकार इसमें 33.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। सेवा कर संग्रह 2.11 लाख करोड़ रुपए से 20.2 प्रतिशत बढ़कर 2.54 करोड़ रुपए पर और सीमा शुल्क संग्रह 2.10 लाख करोड़ रुपए से 7.4 प्रतिशत बढ़कर 2.26 लाख करोड़ रुपए पर रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App