41.6 डिग्री पर तपा ऊना

By: Apr 20th, 2017 12:05 am

ऊना —  ऊना में गर्मी ने इस बार अप्रैल माह में ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। चिलचिलाती गर्मी में आम लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। जिला में लगातार बढ़ रही धूप व गर्मी के चलते लोग घरों में दुबके हुए हैं। घरों में दुबकना इन लोगों की मजबूरी बना हुआ है। हालांकि कुछ दिन पहले तापमान में कमी दर्ज की गई थी, लेकिन देखते ही देखते पारा अब 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो चुका है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग शीतल पेय पदार्थों पर निर्भर होने लग गए हैं। गर्मी में बढ़ोतरी के चलते शीतल पेय पदार्थों का कारोबार भी बेहतर हो गया है। अप्रैल माह में ही जिला का तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया है। बढ़ते पारे के चलते किसान भी खेतों में सुबह-शाम ही गेहूं की कटाई कार्य कर रहे हैं। बुधवार को जिला का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं मंगलवार को जिला का अधिकतम तामपान 41 डिग्री व न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया था। जिला के अधिकतर बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा छाया रहता है। धूप से बचने के लिए लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। बाजारों में युवतियां घर से निकलते समय धूप से बचने के लिए हमेशा छाता साथ में रखने लगी हैं। मौसम अधिकारी विनोद कुमार ने कहा है कि तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आगामी दिनों में भी भंयकर गर्मी हो सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App