आंगनबाड़ी में घुसा ईंटों से भरा टिप्पर

By: May 20th, 2017 5:24 pm

LOGO2 चिंतपूर्णी-अंब – चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बेहड़ भटेड़ गांव में सड़क के किनारे स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र में ईंटों से भरा टिप्पर घुस गया। इस हादसे में आंगनबाड़ी में तैनात कार्यकर्ता और सहायिका घायल हुई हैं, जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। एक कर्मचारी को उपचार के लिए टीएमसी के लिए रैफर कर दिया गया है। गनीमत यह रही कि आंगनबाड़ी में पढऩे वाले बच्चे उस समय आंगनबाड़ी केंद्र में नहीं थे, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार उक्त हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। सड़क के किनारे चढ़ाई पर खड़ा टिप्पर अचानक ही पीछे की ओर आ गया। इसके चलते लोड टिप्पर अचानक ही आंगनबाड़ी केंद्र से जा टकरा गया। आंगनबाड़ी केंद्र में तैनात कार्यकर्ता रेखा पत्नी वीरेंद्र निवासी बैहड़ भटेड़ व विमला पत्नी कश्मीर निवासी बैहड़ भटेड़ मलबे में दब गई। एक कार्यकर्ता को पांव और मुंह में चोटें आई हैं। वहीं, दूसरी कार्यकर्ता के सिर पर गहरी चोटें हैं। आंगनबाड़ी केंद्र से टिप्पर के टकराने की आवाज इतनी जोरदार थी कि आवाज सुनकर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने टिप्पर के टकराने से क्षतिग्रस्त हुए आंगनबाड़ी केंद्र के मलबे से दोनों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बाहर निकाला। पुलिस और 108 नंबर एंबुलेंस को हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर 108 नंबर एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों कार्यकर्ताओं को एंबुलेंस से चिंतपूर्णी अस्पताल उपचार के लिए पहुंचाया गया। रेखा देवी को उपचार के लिए टीएमसी रैफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जिस दौरान हादसा हुआ उस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र के बरामदे में तीन नन्हें बच्चे खेल रहे थे। जो कि हादसे की चपेट में आने से बच गए। अन्यथा कोई भी अप्रिय घटना घट सकती थी। वहीं, पुलिस ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया, साथ ही मामला दर्ज कर लिया है। चिंतपूर्णी अस्पताल के चिकित्सक डाक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को उपचार के लिए टीएमसी के लिए रैफर कर दिया गया है। उधर, इस बारे में डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App