ऊना 42 डिग्री के पार कांगड़ा भी तैयार

By: May 9th, 2017 12:15 am

newsशिमला —  प्रदेश के मैदानी इलाकों में सूर्य देव फिर रौद्र रूप दिखाने लगे हैं। मैदानी क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी से शिमला, नाहन व सोलन के अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आई है, मगर शेष हिमाचल के तापमान में फिर उछाल आया है। ऊना का तापमान 42.6 डिग्री तक पहुंच गया है। कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर का पारा भी 40 डिग्री का आंकड़ा छूने लगा है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के तहत समूचे प्रदेश में नौ-दस मई तक मौसम खराब बना रहेगा। विभाग ने इस दौरान कई स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई है, जो प्रचंड गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत लेकर आ सकती है। 24 घंटों के दौरान बिजौरा में सबसे अधिक नौ मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भरमौर में 4.2 और उदयपुर में 1.4 मिमी बारिश हुई, जबकि शेष हिमाचल में मौसम शुष्क बना रहा। शिमला, नाहन व सोलन के अधिकतम तापमान में 0.1 से 0.4 डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है। सुंदरनगर, कल्पा ऊना व कांगड़ा के तापमान में 0.2 से एक डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है। नाहन, ऊना, कांगड़ा व हमीरपुर का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से पार हो गया है, जबकि मंडी, बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री का आंकड़ा छूने लगा है।

इस साल अब तक का सबसे गर्म दिन

सोमवार को शिमला में अधिकतम तापमान 28.1, सुंदरनगर में 37.9, भुंतर में 36, कल्पा में 24.2, धर्मशाला में 33.4, ऊना में 42.6, नाहन में 36.1, सोलन में 33.2 और कांगड़ा में 38.8 डिग्री रिकार्ड किया गया है, जो इस साल अब तक का सर्वाधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 14 मई तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में नौ-दस मई को छोड़कर पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App