कोहरा निगल गया आम की लोकल वैरायटी

By: May 16th, 2017 12:05 am

हमीरपुर —  प्रकृति की मार और बाजार की मंदी ने हिमाचल का लोकल आम निगल लिया है। राज्य में अचारी तथा चूसने वाला आम सबसे विख्यात लोकल आम की प्रजातियां थीं। अब यह दोनों प्रजातियों के आम प्रदेश में दम तोड़ गए हैं। इसकी जगह मल्लिका, तोतापरी, पूसा अरनिमा तथा डी-51 ने ले ली हैं। नूरपुर से लेकर घुमारवीं तक निचले हिमाचल में सबसे ज्यादा लोकल वैरायटी के आम की पैदावार थी। स्कूल से लौटने वाले हर छात्र के हाथ में चूसने वाला आम रहता था। लोकल वैरायटी का ही आम अचार के लिए प्रदेश की गृहिणियों की पहली पसंद रहा है। जलवायु परिवर्तन के चलते इन लोकल वैरायटी के आमों को निचले हिमाचल का कोहरा खा गया। इकॉनोमी पटरी पर बुरी तरह पिछड़े स्थानीय आम की बाजार में मांग भी कम पड़ गई। चूसने वाला आम पांच से दस रुपए प्रति किलोग्राम बिकने लगा। अचार का आम दो से पांच रुपए प्रतिकिलो बिकने लगा। प्रकृति के साथ बाजार की मंदी ने लोकल वैरायटी के आम को बाजार से गायब कर दिया। रही-सही कसर नेशनल हाई-वे के डबललेन निर्माण कार्य ने पूरी कर दी। मटौर से लेकर जुखाला तक 100 साल पुराने पेड़ सड़क किनारे आते-जाते राहगीरों को मुफ्त में फल देते थे। सड़क निर्माण कार्य ने इस मार्ग पर हजारों आम के पेड़ों की बलि दी जा चुकी है। शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर (उद्यान) आरके धीमान का कहना है कि नेशनल हाई-वे किनारे लोकल वैरायटी के बेहद आकर्षक आम के पेड़ निर्माण कार्य की बलि चढ़े हैं। इसी वजह लोकल प्रजाति आम की फसल से गायब हो गई है। लोकल प्रजाति पर अनुसंधान करने वाले नेरी कालेज के वैज्ञानिक भी बेहद निराश हैं। पिछले दो दशकों में कोहरे ने लोकल प्रजातियों के आमों को पूरी तरह से निगल लिया। बागीचों से भी स्थानीय प्रजातियां गायब हो गईं। डा. सोमदत्त का कहना है कि नेरी अनुसंधान केंद्र में आम की प्रजातियों पर कई रिसर्च हो चुके हैं। इसमें लोकल प्रजातियों को बचाए रखने की सारी संभावनाएं समाप्त हो गई हैं।

लोकल वैरायटी धीरे-धीरे हो रही खत्म

डा. सोमदत्त का कहना है कि निचले हिमाचल में चूसने वाले आम की प्रमुख प्रजाति थी। इसके अलावा लोकल वैरायटी का आचारी आम हिमाचलियों की पसंद रही है। बाजार में चूसने वाले आम की जगह मल्लिका, तोतापरि, पूसाअरनिमा और डी-51 ने ले ली। आम की इन प्रजातियों का साइज और स्वाद दोनों ही हिमाचलियों की पसंद बन गई। इस कारण लोकल वैरायटी के आम धीरे-धीरे लोगों की नापसंद बन गए।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App