जमानत पर रिहा होना कोई जीत नहीं

By: May 31st, 2017 12:05 am

बिलासपुर —  भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नयनादेवी हलके के विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि आय से अधिक संपत्ति मामले व भ्रष्टाचार के आरोपों में संलिप्त मुख्यमंत्री ने अब एक बड़ा रिकार्ड कायम कर लिया है। वह देश में ऐसे पहले मुख्यमंत्री होंगे जो कि जमानत पर हैं। प्रदेश की जनता के लिए यह बड़े ही शर्म की बात है और इसके विपरीत कांग्रेस नेता इसे एक बड़ी जीत बताकर जनता के बीच हास्य का पात्र बन रहे हैं। मंगलवार को यहां परिधि गृह में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में रणधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अभी तक इस केस से बरी नहीं हुए हैं बल्कि उन्हें जमानत मिली है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री द्वारा इसे असत्य पर सत्य की विजय कहना अपने आप में एक मजाक है, क्योंकि मामला आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़ा है। वह इस केस से बरी नहीं हुए हैं, जिसे जीत कहा जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा षडय़ंत्र रचने के आरोपों को निराधार बताया और कहा कि सब जानते हैं कि यह मामला केंद्र की यूपीए सरकार के समय का है। इस मौके पर भाजपा नेता दौलत राम ठाकुर और मीडिया प्रभारी सोनल शर्मा आदि भी मौजूद रहे।

पानी पिलाने में नाकाम प्रदेश सरकार

जिला व नयनादेवी में व्याप्त पेयजल संकट पर रणधीर शर्मा ने आईपीएच विभाग और जिला प्रशासन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नयनादेवी हलके के विभिन्न क्षेत्रों में पानी का गंभीर संकट चल रहा है और लोग हर रोज दूरदराज क्षेत्रों की दौड़ लगाने को विवश हैं। बकाया दो, नहीं तो आंदोलन करेगी भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने इस बात पर रोष जताया कि लंबे समय से आंदोलनरत जेपी बग्गा के ट्रक आपरेटरों की बकाया राशि का भुगतान नहीं हो पा रहा है।  विधानसभा के बाहर धरना-प्रदर्शन को भी भाजपा ने समर्थन दिया है और अब यदि बात नहीं बनती है तो भाजपा को आपरेटरों के आंदोलन में खुलकर आगे आने से कोई गुरेज नहीं होगा।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App