टेक राम को सौंपी अध्यक्ष की कुर्सी

By: May 26th, 2017 12:01 am

सचिवालय चतुर्थ श्रेणी एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी तय, पृथ्वी सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष

शिमला  —  राज्य सचिवालय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एसोसिएशन के चुनाव में गुरुवार शाम को नई कार्यकारिणी चुनी गई। चुनाव में टेक राम को एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया, जिन्होंने 258 मत हासिल किए। अध्यक्ष पद पर दो लोगों के बीच मुकाबला था, जिसमें टेक राम ने आशा देवी को 182 मतों से हराया। आशा देवी को 76 मत ही मिल पाए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर पृथ्वी सिंह विजेता रहे। उन्होंने 152 मत हासिल किए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर तीन लोगों के बीच कड़ा मुकाबला था। उपाध्यक्ष पद पर अनिल कुमार विजेता रहे। अनिल कुमार ने 218 मत प्राप्त किए, जबकि धर्मपाल को 112 वोट ही मिले। इसके अलावा महासचिव पद पर प्रह्लाद गौतम ने जीत हासिल की। प्रह्लाद गौतम ने 256 मत हासिल किए। स्पेशल सचिव पद पर देवराज ने बाजी मारी। स्पेशल सचिव पद पर चार लोगों के बीच मुकाबला था, जिसमें देवराज ने 148 मत प्राप्त कर विजय प्राप्त की। संयुक्त सचिव पद पर जोगिंद्र पाल 134 मत हासिल कर विजेता रहे। प्रेस सचिव पद पर प्रीतम देव, कोषाध्यक्ष पद पर शीशम देवी और ऑडिटर पद पर हरि सिंह पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे। वहीं सदस्य पद पर 11 लोगों में से छह सदस्यों का चयन किया गया। इसमें छागू राम ने सर्वाधिक 175 वोट हासिल किए। इसके अलावा संजीव कुमार ने 171, संदीप सिंह ने 164, जगतराम ने 163, कुलदीप सिंह ने 140 और ओम प्रकाश ने 125 वोट प्राप्त कर सदस्य पद पर जीत हासिल की। इन चुनावों के लिए बागबानी विभाग की सेक्शन आफिसर मनजीत बंसल को रिटर्निंग आफिसर नियुक्त किया गया था। चुनाव के लिए 365 वोटरों में से 336 वोटरों ने मतदान कर नई टीम का चयन किया गया।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App