ठेका बंद न किया तो तोड़-फोड़ करेंगे

By: May 27th, 2017 12:10 am

newsभरमौर —  पवित्र मणिमहेश यात्रा के प्रवेश द्वार हडसर में शराब ठेका खोलने का महिला मंडल व युवक मंडल ने विरोध किया है। उन्होंने दो टूक कहा है कि अगर एक सप्ताह के भीतर शराब ठेका बंद नहीं किया जाता है, तो वह ठेका के भीतर तोड़-फोड़ कर देंगे। जिसके लिए युवक व महिला मंडल जिम्मेदार नहीं होगी। चूंकि पंचायत के माध्यम से भी पूर्व में यहां पर शराब ठेका बंद करने की मांग कई मर्तबा उठाई जा चुकी है। जिसके चलते अब मजबूरन उन्हें कठोर पग उठाने के लिए विवश होना पड रहा है। इस संबंध में महिला मंडल की ओर से एक ज्ञापन भी शुक्रवार को एडीएम भरमौर को सौंपा है। जिस पर प्रशासनिक अधिकारी ने जल्द आगामी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को हडसर में शराब ठेका के विरोध में महिला और युवक मंडल उतर आया। इस दौरान महिला व युवक मंडल के सदस्यों की ओर से शराब ठेका के बाहर विरोध स्वरूप सांकेतिक रूप से शांतिपूर्ण धरना भी दिया। जिसके बाद महिला मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम भरमौर विनय धीमान के दरबार में हाजिरी भरकर एक ज्ञापन सौंपा है। प्रतिनिधिमंडल में बिनता देवी, डिफो देवी, श्रेष्ठा, नीलम, सुमना देवी, बबिता, पूजा देवी, मुन्नी, अनिता कुमारी, इच्छया देवी, शिवो देवी, रेखा, नीलम कुमारी, राधा देवी, अंजू वाला, सरिता और संतोष देवी शामिल रही।  महिला मंडल की सदस्यों का कहना है कि उतरी भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा का आगाज हडसर गांव से होता है और गांव का अपना धार्मिक महत्त्व भी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में पंचायत की ओर से शराब ठेका बंद करने की मांग उठाई जा चुकी है। साथ ही उपायुक्त चंबा के समक्ष भी इस मांग को प्रमखता के साथ रखा जा चुका है। बावजूद इसके यहां पर शराब ठेका बंद करने की दिशा में सरकारी तौर पर पहल नहीं हो पाई है। महिलाओं का कहना है कि पूर्व में यात्रा के दौरान यहां पर कई घटनाएं हो चुकी हैं और इसका यात्रा पर भी विपरीत असर पड़ा है। नतीजतन गांव के धार्मिक महत्त्व और यात्रा को देखते हुए हडसर में खोले गए शराब ठेका को बंद किया जाए। महिलाओं ने एडीएम को सौंपे ज्ञापन में साफ  किया है कि अगर एक सप्ताह के भीतर शराब ठेका को बंद नहीं किया जाता है तो यहां तोड़-फोड़ कर दी जाएगी और इसके लिए युवक व महिला मंडल जिम्मेदार नहीं होंगे।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App