बैनमौर में महाराजा पटियाला की दो कोठियां

By: May 17th, 2017 12:08 am

पंजाब- जुब्बल-बुशहर के राजाओं ने बनाए थे आशियाने, अंग्रजों ने सजाया जाखू इलाका

newsnewsशिमला  – शिमला का जाखू क्षेत्र महाराजाओं व अंग्रेजों का पसंदीदा क्षेत्र रहा। राजा-व-अंग्रेज जाखू की वादियों में सैर करना और यहां रहना पसंद करते थे। जाखू के बैनमोर वार्ड का इतिहास भी महाराजाओं व अंग्रेजों की कई यादें समेटे हुए हैं। वार्ड में आज भी कुछ इमारतें व पर्यटक स्थल पुराने समय की यादें संजोए हुए हैं। वार्ड की कई इमारतें व स्थल मौजूदा समय में भी उन्हीं नामों से पुकारे जाते हैं, जो नाम कभी अंग्रेजों व राजा-महाराजाओं द्वारा रखे गए थे। शिमला को समर कैपिटल बनाने के बाद अंग्रेजों ने बैनमोर में भी कई इमारतें बनाई, जिनका कोई सानी नहीं है। इन इमारतों की अलग-अलग कहानियां हैं। वार्ड के बुजुर्गों के मुताबिक बैनमोर क्षेत्र से महाराजा पटियाला, महाराजा पंजाब, राजा जुब्बल और राजा बुशहर का इतिहास जुड़ा है। इन रियासत के राजाओं ने यहां पर अपने रहने के लिए आशियाने भी बनाए थे। पटियाला रियासत के महाराजा ने भी बैनमोर में दो कोठियां बनाई थीं, जो आज भी इतिहास की यादों को जिंदा कर रही है। राजा जुब्बल राजा पंजाब और राजा बुशहर ने भी इस स्थान पर अपने लिए आशियाने बनाए थे। अंग्रेजों ने शिमला आने के बाद उक्त क्षेत्र डिवेल्प किया था। अंग्रेज इस क्षेत्र में देवदार के घने वृक्षों के बीच सैर-सपाटा पसंद करते थे। यहां अंग्रेजों को इंग्लैंड जैसा माहौल मिला। बैनमोर शहर की प्राइम लोकेशन पर स्थित है, जिसके चलते उक्त वार्ड में आबादी बढ़ी है। मौजूदा समय में भी यह क्षेत्र शिमला पहुंचने वाले देश-विदेश के सैलानियों के आकर्षण का केंद्र रहता है।

वार्ड में सेंट बीड्ज कालेज है खास

वार्ड में स्टोक्स पेलेस, सेंट बीड्ज कालेज, बुडविला पैलेस, गवर्नर हाउस, गुसाऊ का हाथा, डिंपल लॉज, फाइव बैंच आज भी इतिहास की कहानियां समेटे हुए है।

निगम राजनीति में रहता है अहम योगदान

बैनमोर वार्ड का नगर निगम शिमला की राजनीति में अहम योगदान रहता है। पूर्व में वार्ड निगम राजनीतिक का गणित कई मर्तबा बिगाड़ चुकी है।

दस हजार जनसंख्या, चार हजार वोटर

बैनमोर वार्ड की जनसंख्या दस हजार के करीब है, जिसमें चार हजार वोटर हैं। बैनमोर वार्ड के कई जो क्षेत्र वृक्षों से घिरे हैं वे आज भी सैलानियों व स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं। लोग यहां पर सैर करना पसंद करते हैं।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App