भाजपा शासन में होता है उत्पीड़न

By: May 21st, 2017 12:05 am

सीएम पर आरोप लगाने से पूर्व अपने गिरेबान में झांकें धूमल

नाहन— हिमाचल में जब भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आई है तब-तब राज्य के कर्मचारियों का उत्पीड़न होता रहा। यह बात जिला मुख्यालय नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया ने कही। उन्होंने कहा कि आज नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री प्रदेश के मुखिया वीरभद्र सिंह पर अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें वीरभद्र सिंह पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेवान में झांकना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धूमल सरकार के दौरान कर्मचारियों का न केवल उत्पीड़न हुआ है बल्कि उन्हें उनके हकों से भी वंचित रखा गया। कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष ने कहा कि छठे वेतन आयोग का एरियर धूमल सरकार ने कई किस्तों में अदा किया, जिससे कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि यदि एरियर की लंबित राशि एकमुश्त अदा की जाती तो कर्मचारी उस पैसे को मकान बनाने, बच्चों की शादियां करवाने अथवा अन्य किसी कार्य में लगा सकते थे, मगर धूमल सरकार ने छठे वेतन आयोग का एरियर कई किस्तों में दिया। यही नहीं धूमल सरकार के दौरान 9-9-9 की रिकवरी करवाई थी, जिसे प्रदेश के कर्मचारी कभी नहीं भुला पाएंगे। कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान वीरभद्र सरकार ही कर्मचारियों की सबसे अधिक हितैषी है। वीरभद्र सिंह सरकार ने न केवल कर्मचारियों को भारी सौगातें दी हैं बल्कि अनुबंध कर्मचारियों के वेतन में 75 प्रतिशत तक की बढ़ौतरी की है जो एक रिकार्ड है। उन्होंने कहा कि यही नहीं मुख्यमंत्री ने हाल ही में आरकेएस के तहत रखे गए स्टॉफ का भी तीन वर्ष का कार्यकाल अनुबंध में गिना जाएगा, जिसका उन्हें नियमितीकरण में लाभ मिलेगा। साथ ही आरकेएस के तहत नर्सों को मैटरनिटी सुविधा व मेडिकल लीव की सुविधा भी वीरभद्र सरकार ने उपलब्ध करवाई है। इस अवसर पर नरवीर शर्मा, सत्येंद्र ठाकुर व राकेश कुमार आदि उपस्थित थे।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App