भारत में जीका के तीन शिकार

By: May 28th, 2017 12:02 am

अहमदाबाद— पिछले साल ब्राजील समेत कई दक्षिण अमरीकी देशों में दहशत मचाने के बाद जीका वायरस ने भारत में कदम रख दिए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने गुजरात में तीन लोगों के जीका वायरस से पीडि़त होने की पुष्टि की है। भारत में इस वायरस के पाए जाने का यह पहला मामला है। तीनों ही मरीज अहमदाबाद के बापूनगर इलाके के रहने वाले हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अहमदाबाद के बीजजे मेडिकल कालेज (बीजेएमसी) ने दस से 16 फरवरी 2016 के बीच 93 ब्लड सैंपल इकट्ठे किए थे। इनमें से एक 64 साल के बुजुर्ग में जीका वायरस पाया गया। यह भारत में जीका वायरस के संक्रमण का पहला केस है। इसी तरह एक 34 साल की महिला के ब्लड सैंपल में भी जीका वायरस पाने की पुष्टि हुई है। महिला ने पिछले साल नवंबर में बीजेएमसी में ही एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। उस समय लिए गए उसके ब्लड सैंपल में जीका वायरस पाए जाने की पुष्टि हुई है। 22 साल की एक गर्भवती महिला भी जीका वायरस से पीडि़त है। महिला का इसी साल जनवरी में ब्लड सैंपल लिया गया था। उस समय महिला को 37 हफ्ते का गर्भ था। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जीका वायरस से बचाव की सलाह भी दी है। उसने कहा है कि मच्छरों की रोकथाम और उन पर नियंत्रण के जरिए इस वायरस को फैलने से रोका जा सकता है। डब्ल्यूएचओ ने मच्छरों को मारने वाली दवा के छिड़काव की सलाह दी है। उसने गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों को पूरे शरीर को ढकने वाले और हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App