भ्रष्टाचार की सजा तो भुगतनी पड़ेगी

By: May 15th, 2017 12:01 am

ऊना— नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि मुख्यमंत्री पर चल रहे मामलों की वजह भाजपा नहीं, बल्कि खुद मुख्यमंत्री हैं, जबकि मुख्यमंत्री इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। भ्रष्टाचार होता है, तभी किसी व्यक्ति पर केस बनाए जाते हैं। हर किसी व्यक्ति पर मामले नहीं बनते हैं। यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता भ्रष्टाचार में पाई जाती है तो उसे उसकी सजा भी भुगतनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचारियों को पनाह दे रही है। प्रदेश की भ्रष्टाचारी सरकार को जनता आगामी विधानसभा चुनावों में बाहर का रास्ता दिखाएगी। रविवार को नालागढ़ जाते वक्त ऊना के एक निजी होटल में उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि चाहे सीडी मामला हो या फिर कत्था मामला, यह सब इनके अपने ही लोगों की शिकायतों के आधार पर हुए हैं, जबकि उस समय केंद्र में भी यूपीए सरकार थी। भाजपा का इन मामलों से कोई लेना-देना नहीं है। कानूनी कार्रवाई का सामना भाजपा नेताओं ने भी किया है। मुख्यमंत्री को भी इन मामलों का सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरों से कांग्रेस नेता बौखला गए हैं, जिसके चलते कांग्रेस ने शिमला नगर निगम चुनाव भी हार की वजह से टाल दिए हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों में कांग्रेस की हार निश्चित है, वहीं प्रदेश में जल्द ही माफिया राज खत्म हो जाएगा।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App