रिटायर्ड अफसरों के सहारे पीडब्ल्यूडी

By: May 8th, 2017 12:01 am

लोक निर्माण विभाग में 36 कर्मियों को मिली है पुनर्नियुक्ति

शिमला  – प्रदेश सरकार का सबसे महत्त्वपूर्ण महकमा लोक निर्माण विभाग री-इंप्लायमेंट के सहारे चल रहा है। विभाग में कई अधिकारियों और कर्मचारियों को पुनः नियुक्ति देकर काम चलाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग में मौजूदा समय में तीन दर्जन अधिकारियों व कर्मचारियों को पुनर्नियुक्त किया गया है। नई नियुक्तियां न होने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों से ही काम करना पड़ रहा है।  गौर हो कि लोक निर्माण विभाग सरकार का सबसे अहम महकमा है। यह महकमा प्रदेश में सड़कों और भवन बनाने के काम  से जुड़ा है, लेकिन इसके पास स्टाफ की कमी खल रही है। यही वजह सरकार इसमें पुनः रोजगार के माध्यम से काम चला रही है। विभाग में   सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों व अधिकारियों की तैनाती की जा रही है। विभाग में सबसे ज्यादा कमी जूनियर इंजीनियर की है। यही वजह है कि इन अधिकारियों को सेवानिवृत्ति के बाद भी यहां तैनाती दी जा रही है। मौजूदा समय में विभाग में 23 जूनियर इंजीनियर को सेवानिवृत्ति के बाद तैनात किया गया है। री-इंप्लायमेंट का काम बीते कुछ समय से चला हुआ है। इससे पहले जूनियर इंजीनियर्ज को बीते नवंबर माह में पुनर्नियुक्ति दी गई थी, लेकिन नई भर्तियां न होने से अब इनको फिर से री-इंप्लायमेंट दी है। जूनियर इंजीनियर के पदों की बात करें तो विभाग में इस वर्ग के अधिकारियों के 1334 पद स्वीकृत हैं। इनमें से करीब 213 पद खाली चल रहे हैं, जबकि 138 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चली हुई है। खाली पड़े पदों में भी अधिकतर सिविल वर्ग के अधिकारियों के  हैं। यही नहीं, विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर वर्ग के अधिकारियों की भी कमी है।इनके अलावा विभाग में एक सर्किल हैड ड्राफ्टसमैन, दो अस्सिटेंट आर्किटेक्ट, एक अधीक्षक, एक वरिष्ठ सहायक, दो चालक और चार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी पुनः नियुक्ति दी गई है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App