सीमेंटेड बोर्ड पर लिखने होंगे मनरेगा कार्य

By: May 20th, 2017 12:01 am

नोटिफिकेशन जारी, विभाग ने पंचायत मुखियाओं को दिए निर्देश

बिलासपुर —  मनरेगा में होने वाले कार्यों की सूचना पट्टिका अब सीमेंट से बनाए गए बोर्ड पर लिखनी होगी। इस बाबत केंद्र सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर दी है। इसके तहत हिमाचल प्रदेश में भी सभी अधिकारियों ने पंचायतों को बाकायदा निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत अब प्रदेश में मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों की सूचना पट्टिका सीमेंट से बनाए गए बोर्ड पर अंकित की जाएगी। यहीं नहीं, केंद्र सरकार ने प्रदेश के सभी अधिकारियों को ये भी निर्देश दिए हैं कि सूचना पट्टिका में पूरा ब्यौरा लिखना होगा। इसके लिए बोर्ड पट्टिका का साइज भी निर्धारित किया है। इसमें बड़े कार्यों के लिए 5/4 फुट का बोर्ड बनाना व छोटे कार्यों के लिए 3/2 फुट पट्टिका लगानी होगी। जानकारी के मुताबिक लोहे के बोर्ड लगाने से कई बार धांधलियां सामने आई हैं। इस तरह के मामलों के सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने यह निर्णय लिया है। हालांकि प्रदेश में अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया, लेकिन इस तरह की समस्याओं को ध्यान में रखकर केंद्र सरकार ने यह पहल शुरू की है।

क्या-क्या लिखना होगा अनिवार्य

सीमेंट से बनने वाली सूचना पट्टिका पर मनरेगा से संबंधित अब पूरा ब्यौरा लिखित रूप से लिखना अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए पट्टिका में लेबर खर्चा, मैटीरियल, काम कब शुरू हुआ व कब खत्म, कितनी लागत से बना, किस एजेंसी ने बनाया आदि का पूरा ब्यौरा लिखना होगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने सभी आला अधिकारियों को नोटिफिकेशन जारी कर दी है। इसके साथ ही जो इस सीमेंट पट्टिका को बनाने में पैसा खर्च किया जाएगा, वह उसी कार्य के साथ उसका एस्टीमेट जोड़ा जाएगा।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App