हर महीने सात मर्डर, 15 रेप

By: May 12th, 2017 12:01 am

देवभूमि में आपराधिक गतिविधियों का बढ़ता ग्राफ चिंताजनक

पालमपुर— देवभूमि में इस साल हर माह औसतन हत्या के सात और रेप के 15 मामले सामने आ चुके हैं। आंकड़े बताते हैं कि 2017 में जनवरी से लेकर अप्रैल तक प्रदेश के विभिन्न थानों में मर्डर के 29 और रेप के 62 मामलों के साथ क्राइम के कुल 5749 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।  प्रदेश में हर माह क्राइम की करीब 1437 वारदातें सामने आ रही हैं। पहले चार माह में सबसे अधिक मर्डर जिला कांगड़ा में हुए हैं , जिनका आंकड़ा पांच रहा है तो हत्या का प्रयास किए जाने के सर्वाधिक छह मामले भी सबसे बड़े जिला में ही दर्ज किए गए हैं। वहीं जिला मंडी और  शिमला में मर्डर के चार-चार मामले दर्ज किए गए हैं।   कुल्लू में तीन,  बिलासपुर, जिला ऊना,  किन्नौर और जिला सिरमौर में इस दौरान हत्या के दो-दो मामले सामने आए हैं।   चंबा और  सोलन में भी मर्डर का एक-एक मामला दर्ज किया गया है। पहले चार माह में जिला हमीरपुर और  लाहुल-स्पीति में ऐसा कोई मामला सामने न आना राहत का विषय रहा है। रेप के सर्वाधिक 13 मामले  शिमला में सामने आए हैं, जबकि  मंडी में बलात्कार के 11 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।  सिरमौर में सात और   बिलासपुर में छह मामलों ने देवभूमि को कलंकित किया है। महिलाओं से छेड़खानी के सबसे अधिक 24 मामले जिला कांगड़ा में दर्ज किए गए हैं तो  शिमला में 15 और  सिरमौर तथा  मंडी जिला  में 13-13 मामले सामने आए हैं। महिलाओं से क्रूरता के मामलों में जिला ऊना सबसे आगे रहा है और अब तक 13 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इस सूची में 11-11 मामलों के साथ जिला मंडी और जिला सिरमौर दूसरे स्थान पर रहे हैं।

923 दुर्घटनाएं, 350 ने गंवाई जान

बीते वर्षां की तरह सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ  इस साल भी कम नहीं रहा है। पहले चार माह में 923 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हर दिन औसतन आठ सड़क दुर्घटनाएं चिंता का सबब मानी जा सकती हैं। जनवरी से अप्रैल तक सामने आए सड़क हादसों ने अब तक 350 लोगों की जान लील ली है, जबकि 1721 लोग घायल हुए हैं।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App