अलगाववादियों से वार्ता में दिक्कत नहीं

By: Jun 9th, 2017 12:15 am

newsशिमला —  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा है कि मोदी सरकार आत्म प्रशंसा के बजाय आत्मचिंतन करे। क्योंकि तीन साल का समय गुजर जाने के बाद भी चुनावी वादों पर केंद्र सरकार खरी नहीं उतर पाई है। कालेधन को वापस लाकर हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपए जमा करवाने का ऐलान पूरा नहीं हो सका है। किसान जिंदा रहेगा तो लोग जिंदा रहेंगे, मगर किसानों पर गोलियां चल रही हैं। शिमला में प्रेसवार्ता के दौरान सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि मोदी सरकार की विदेश नीति भी सही नहीं है। इंदिरा गांधी ने जब बांग्लादेश को अलग करवाया था, उसके बाद भी पाकिस्तान से बातचीत जारी रही थी, लिहाज वार्ता नहीं तोड़ी जानी चाहिए। उन्होंने कश्मीर में अलगाववादियों से बातचीत के दौर को जारी रखने का भी समर्थन किया। श्री शिंदे ने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी के बाद आज तक यह जानकारी नहीं दी कि कुल कितनी रकम इकट्ठा की गई। पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह पर जब बाथरूम में रेन कोट पहनकर नहाने की टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में की थी तो मनमोहन सिंह ने कहा था कि इस कदम से देश की विकास दर गिरेगी, जो आज सच साबित हुई है।  किसानों को उनके उत्पाद के सही दाम नहीं मिल पा रहे हैं। मोदी सरकार ने हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, मगर सरकार के ही श्रम मंत्रालय ने जो आंकड़े दिए हैं, उनमें दो लाख 31 हजार को ही रोजगार देने की बात कही गई है। इस दौरान आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू, हरभजन सिंह भज्जी, नरेश चौहान व अन्य मौजूद रहे।

सीएम वीरभद्र ने दिखाई नैतिकता

श्री शिंदे ने कहा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जब केंद्र में मंत्री थे, तो उन्होंने नैतिकता की उच्च मिसाल पेश करते हुए कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस मसले पर कानून आगे अपना काम कर रहा है।

किसानों का पूरा कर्ज माफ नहीं हो सकता

सुशील शिंदे ने कहा कि किसानों का पूरा ऋण माफ नहीं किया जा सकता। कुछ हो सकता है, जिस पर मोदी सरकार को गौर करना चाहिए। जब तक देश में सिंचाई संबंधी दिक्कतें दूर नहीं होंगी, तब तक मसले भी हल नहीं होंगे।

हम नहीं करते भावी मुख्यमंत्री का ऐलान

श्री शिंदे ने कहा कि कांग्रेस की यह परंपरा नहीं रही है कि चुनाव पूर्व ही भावी सीएम का ऐलान कर दिया जाए। जब वह हिमाचल आए थे, तब पंडित सुखराम, विद्या स्टोक्स और वीरभद्र सिंह भावी सीएम की रेस में थे, मगर तब भी ऐलान नहीं हुआ था।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App