ऊना में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

By: Jun 1st, 2017 12:05 am

ऊना —  भारतीय जनता पार्टी ऊना मंडल ने प्रदेश सरकार के असफल कार्यकाल के विरोध में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व स्थानीय विधायक सतपाल सत्ती के नेतृत्व में रोष रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उपायुक्त ऊना के माध्यम से महामहिम राज्यपाल हिमाचल प्रदेश को ज्ञापन प्रेषित कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार के असफल कार्यकाल के बारे में बताया गया। सतपाल सत्ती ने कहा कि ऊना विस क्षेत्र के साथ कांग्रेस सरकार ने भेदभाव किया है। विगत साढ़े चार वर्षों  के दौरान पूर्व भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत योजनाओं को जानबूझ कर लटकाया गया। उन्होंने कहा कि चाहे स्वास्थ्य संस्थान हो या फिर शिक्षा का क्षेत्र प्रदेश सरकार ने ऊना जिला के साथ सौतेला व्यवहार ही किया है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में हमेशा ही सुविधाओं का अभाव  रहा है। अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ का पद कई महीनों से रिक्त चल रहा है, जिससे एक छोटे से फ्रेक्चर के लिए भी मरीज को पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रैफर किया जा रहा है। ऊना अस्पताल केवल मात्र एक रैफरल यूनिट बनकर रह गया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वर्ष 2014 में क्षेत्रीय अस्पताल में 100 अतिरिक्त बेड बढ़ाने की घोषणा की थी, लेकिन अस्पताल में अभी तक एक भी बेड नहीं बढ़ पाया है, जिससे मरीजों को अस्पताल में बेड नहीं मिल रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने नगर पंचायत मैहतपुर-बसदेहड़ा व नगर परिषद संतोषगढ़ में शुरू किए गए सीवरेज कार्य को भी बंद करवा दिया है। टॉल नाकों पर एंट्री टैक्स बढ़ाकर सरकार ने जनता के साथ भद्दा मजाक किया है।  इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बलबीर बग्गा, मंडलाध्यक्ष रमेश कुमार भडोलियां, यशपाल राणा, विजय चौधरी, पंकज सहोड़, अनुराधा ऐरी, उर्मिला, पुष्पा देवी, निधि राणा, समता देवी, अमरीक सिंह, हरदयाल सिंह, विनय शर्मा, बलविंद्र गोल्डी, सागरदत्त भारद्वाज, मनोज, खामोश जैतिक, अजय चौधरी, राहुल शर्मा, गणेश राणा, साहिल सेखड़ी, धीरज, आकाश, मुनीश लुंबा, साहिल दत्ता, वरुण शर्मा, सुखविंद्र, रजत, विकास व मोनू सहित अन्य उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App