कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव टले

By: Jun 1st, 2017 12:15 am

हाइकमान ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की राय पर लगाई मुहर, प्रदेशाध्यक्ष को झटका

newsशिमला- हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव अभी नहीं होंगे। पार्टी हाइकमान ने यह फैसला ले लिया है। इस मामले में भी हाइकमान ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सुनी है क्योंकि संगठन के चुनाव नहीं करवाने पर वही अड़े हुए थे। जबकि प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुखविदर सिंह सुक्खू  चुनाव करवाए जाने के पक्ष में थे और सार्वजनिक रूप से बयानबाजी भी करते रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा चुनाव को टालने के लिए की गई पैरवी को हाइकमान ने माना है और बुधवार को इस संबंध में आदेश भेज दिए हैं। पांच अन्य राज्यों के साथ हिमाचल के भी संगठनात्मक चुनाव टाले गए हैं।  कांग्रेस के केंद्रीय निर्वाचन प्राधिकरण की बुधवार को बैठक हुई जिसमें फैसले पर मुहर लग गई। पार्टी ने गुजरात, कर्नाटक, मेघालय, त्रिपुरा और नागालैंड में भी संगठन चुनाव को टाल दिया है क्योंकि इन राज्यों में भी विधानसभा के चुनाव होने हैं। इस मामले में हाइकमान के फैसले के बाद संगठन के नेताओं को झटका लगा है। पीसीसी की बैठक करवाकर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यह संदेश देने की कोशिश की थी कि संगठन के मामलों में उनकी सुनी जाएगी परंतु ऐसा नहीं हो पाया। खुद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह दिल्ली जाकर जहां राहुल गांधी से मिले, वहीं दूसरे नेताओं के सामने भी उन्होंने पक्ष रखा। पार्टी मामलों की प्रभारी ने इस पर जल्दी फैसला लेने की बात कही थी, जो कि बुधवार को सामने आ गया। ऐसे में वीरभद्र सिंह की सांगठनिक मामलों में भी ताकत सबके सामने आ चुकी है,जिससे उनके संगठन के भीतर उनके विरोधियों को झटका लगा है। अब मुख्यमंत्री का अगला टारगेट क्या होगा यह भी जल्दी ही सामने आ जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App