कुर्सी से चिपकने की राजनीति कर रहे सीएम

By: Jun 26th, 2017 12:05 am

ऊना —  प्रदेश में कांग्रेस सरकार की पोल खोलने के लिए शुरू की गई भाजपा की परिवर्तन रथयात्रा छह जुलाई को ऊना सदर हलके में पहुंचेगी। प्रदेश भाजपाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती रविवार को ऊना शहरी भाजपा की बैठक को संबोधित कर रहे थे। सत्ती ने लोअर अरिनियाला व जालग्रां में भी बैठक की। सत्ती ने कहा कि परिवर्तन रथयात्रा का शुभारंभ नयनादेवी से हुआ था जो विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए जिला ऊना में पांच जुलाई को कुटलैहड़ हलके से प्रवेश करेगी और छह जुलाई को ऊना सदर हलके में दर्जनों स्थानों पर परिवर्तन रथयात्रा का जनता द्वारा स्वागत किया जाएगा। सतपाल सत्ती ने कहा कि इस रथयात्रा के हलके में स्वागत के साथ एक बड़ी जनसभा ऊना शहर के वार्ड दो में आयुर्वेदिक अस्पताल के नजदीक की जाएगी। शाम सात बजे के करीब होने वाली जनसभा में सांसद अनुराग ठाकुर सहित प्रदेश व जिला के भाजपा नेता प्रमुख रूप से भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इस जनसभा को सफल बनाने के लिए शहरी भाजपा इकाई को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। भाजपा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित अन्य संगठन इस परिवर्तन रथयात्रा की ऊना शहर में होने वाली जनसभा को सफल बनाने में अहम योगदान देंगे। इसके लिए वार्ड स्तर पर लोगों को निमंत्रण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने झूठ फरेब व भ्रष्टाचार की नीति चलाते हुए हिमाचल को बदनाम करने का प्रयास किया है। सतपाल सत्ती ने कहा कि हिमाचल की जनता को विकास से महरूम करके वीरभद्र सिंह ने कुर्सी से चिपकने की राजनीति की है। नैतिकता, ईमानदारी का गला दबाकर सत्ता चलाने वाले वीरभद्र सिंह को अब प्रदेश की जनता सत्ता से बर्खास्त करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है, इसलिए हर जगह परिवर्तन यात्राओं के स्वागत में भारी संख्या में जनता उमड़ रही है। हिमाचल को केंद्र की मोदी सरकार ने दिल खोलकर तोहफे दिए हैं और आज हिमाचल का विकास केंद्र की उदार मदद के चलते ही हो रहा है, जबकि हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने केंद्रीय मदद का भी दुरुपयोग करने व केंद्रीय योजनाओं को रोकने का ही काम किया है। इस अवसर पर शहरी भाजपा के अध्यक्ष सुरजीत सैणी, पूर्व मंडल महामंत्री संतोख सिंह, मदन पुरी, मोती लाल कपिला, विजय साहनी, खामोश जैतक, बलविंद्र गोल्डी, शिव कुमार सांभर, विनोद पुरी, पार्षद पवन कपिला, पुष्पा चौधरी, महिला नेत्री उर्मिला चौधरी, राजीव विशिष्ट, नवीन पुरी, निर्मल दास शंकर, अशोक कुमार, तरसेम शर्मा, डा. अनिल राजपूत, नीरज जैतिक, गगन ओहरी, राकेश ठाकुर, साहिल दत्ता, विनय शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App