कुल्लवी नाटी पर झूमे पंजाब-हरियाणा

By: Jun 15th, 2017 12:05 am

भुंतर, कसोल —  जिला कुल्लू की पार्वती घाटी के कसोल में आयोजित हो रहे ‘समर फेस्टिवल’ की दूसरी सांस्कृतिक संध्या वॉयस ऑफ हिमालय के पहले विजेता रमेश ठाकुर के नाम रही। उन्होंने देर रात तक यहां उत्सव में शरीक हुए दर्शकों को कुल्लवी गीतों पर खूब नचाया, तो बाहरी राज्यों व विदेशों से आए मेहमानों को भी थिरकने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा स्थानीय कलाकार देवेंद्र कुमार ने भी कुल्लवी व हिमाचली गीत पेश कर लोगों का मनोरंजन किया। विंटर कार्निवाल मनाली की तर्ज पर आरंभ हुए समर फेस्टिवल अपना रंग दिखाने लगा है। पार्वती घाटी में उत्सव के चलते पंजाब, हरियाणा व दिल्ली सहित उत्तरी भारत के सबसे ज्यादा सैलानी यहां पहुंचे हैं तो साथ ही अन्य राज्यों के सैलानियों को भी उत्सव रास आया है। इसके अलावा विदेशी सैलानियों के लिए भी उक्त उत्सव आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और सैलानी यहां पहुंच कर देर रात तक मनोरंजन कर रहे हैं। उत्सव के दूसरे दिन कसोल व लहाशणी महिला मंडलों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। वहीं देर शाम को यहां पर सबसे लंबे बालों वाली महिला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में करीब दो दर्जन से अधिक प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण करवा रुचि दिखाई। वहीं दूसरे दिन बेस्ट टूरिस्ट कपल का हिस्सा बनने के लिए भी दर्जनों सैलानी जोड़ों ने भागीदारी निभाई। समाचार लिखे जाने तक दोनों प्रतियोगिताएं जारी थीं। देर रात को सांस्कृतिक संध्या में दर्जनों कलाकारों ने प्रस्तुतियां पेश की तो स्टार कलाकार रमेश ठाकुर ने सभी दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में पूर्व बागबानी मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। आयोजन समिति के प्रधान किशन ठाकुर और अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने बताया कि उत्सव की अंतिम संध्या में पंजाबी कलाकार लक्की संधू व टीम यहां पर धमाल मचाएगी और सैलानियों को नचाएगी। वहीं कुल्लू के कलाकार कुशल वर्मा भी पहाड़ी तराने पेश करेंगे। होटल एसोसिशन के प्रधान और आयोजन समिति के अध्यक्ष किशन ठाकुर ने बताया कि उक्त उत्सव सैलानियों को आकर्षित करने लगा है ।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App