चंडीगढ़ रैली में प्रदेश से जाएंगे 500 कर्मचारी

By: Jun 30th, 2017 12:01 am

शिमला  – उत्तरी क्षेत्र परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति की बैठक चंडीगढ़ में हुई, जिसमें पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पैप्सू और हिमाचल के परिवहन कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदेश से परिवहन संयुक्त समन्वय समिति के सदस्य नानक शांडिल, खेमेंद्र गुप्ता, हरदयाल सिंह व राजेंद्र ठाकुर इस बैठक में शामिल हुए। समन्वय समिति के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि बैठक में परिवहन उपक्रम बचाओ अभियान के तहत नीतिगत समस्याओं पर चर्चा कर एक मांग पत्र तैयार किया गया, जिसे सभी संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मुख्य सचिवों और विभागाध्यक्षों को सौंपा जाएगा। इसमें सभी सरकारों से आग्रह किया जाएगा कि सरकारी परिवहन उपक्रमों को बचाने के लिए विशेष नीतिगत बदलाव किए जाएं। मुख्य मांगें समान काम के लिए समान वेतन देना, परिवहन उपक्रमों में आउटसोर्स बंद करना, वैट लीजिंग योजना को लागू न करना, अंतरराज्यीय मार्गों पर केवल सरकारी परिवहन उपक्रमों की ही बसें चलाना आदि शामिल हैं। वहीं चंडीगढ़ में एक विशाल रैली करने का निर्णय लिया गया, जिसमें प्रदेश से करीब 500 कर्मचारी भाग लेंगे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App