चंबा-न्याग्रां बस रूट पर बस सेवा शुरू

By: Jun 2nd, 2017 12:05 am

भरमौर —  फटाहर-न्याग्रां बस सेवा में सफर करने वाले यात्रियों को आखिरकार हिमाचल पथ परिवहन निगम ने एक बड़ी राहत प्रदान कर दी है। वहीं, चंबा-होली रूट पर ओवरलोडिंग के बीच सफर करने वालों के लिए भी खुशखबरी है। निगम प्रबंधन ने चंबा-न्याग्रां रूट पर सुबह के समय मुख्यालय से अतिरिक्त बस सेवा आरंभ कर दी है। सुबह साढे़ पांच बजे यह बस चंबा से न्याग्रां के लिए निकलेगी और शाम पांच बजे होली से जिला मुख्यालय की ओर रुख करेगी। जबकि फटाहर से आने वाली बस अब तड़के चार बजे जिला मुख्यालय से होली के लिए रवाना होगी। खबर की पुष्टि एचआरटीसी के भरमौर क्षेत्र के निरीक्षक रतन चंद ने की है। अहम है कि फटाहर-न्याग्रां बस सेवा में सफर करने वाले यात्रियों को चंबा पहुंचने पर दो से अढ़ाई घंटे तक आगे के सफर के लिए इंतजार करना पड़ता था। ‘दिव्य हिमाचल’ ने अतिरिक्त बस सेवा चंबा से न्याग्रां के लिए आरंभ करने की लोगों की मांग को कई मर्तबा प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। जिसके बाद अब जाकर निगम ने यहां के लिए अतिरिक्त बस शुरू कर दी है। फटाहर-न्याग्रां बस मुख्यालय से चार बजे वाया हिलिंग होकर न्याग्रां पहुंचेगी। जबकि सुबह साढे पांच बजे चंबा से न्याग्रां से चलने वाली बस सीधा यहां पहुंचेगी। इस बस सेवा के शुरू होने से यात्रियों को भी अब दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। ग्राम पंचायत न्याग्रां के उपप्रधान अशोक ठाकुर ने चंबा से होली-न्याग्रां के लिए अतिरिक्त बस सेवा आरंभ करने पर निगम प्रबंधन का आभार प्रकट किया है। अशोक ठाकुर ने कहा कि बस सेवा आरंभ करने की मांग को पंचायत ने प्रमुखता के साथ क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी चंबा के समक्ष रखा था। जिस पर उन्होंने जून माह से बस सेवा आरंभ करने का भरोसा दिलाया था। अशोक ठाकुर ने कहा कि निगम प्रबंधन ने जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर दिया है। जिससे क्षेत्र के लेगों को बस सेवा का लाभ मिलेगा।

युवा इंटक ने भरमौरी का किया थैंक्स

युवा इंटक के जिला अध्यक्ष चंद्रमणि ठाकुर ने जिला मुख्यालय चंबा से न्याग्रां के लिए नई बस सेवा आरंभ करने पर वन एवं मतस्य मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी का आभार प्रकट किया है। युवा इंटक के जिला अध्यक्ष चंद्रमणी ठाकुर ने कहा कि बस सेवा न होने के चलते फटाहर-न्याग्रां के यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि फटाहर से चंबा पहुंचने पर अब बस ज्यादा समय वहां नहीं रुकेगी। वहीं जिला मुख्यालय से अतिरिक्त बस सेवा आरंभ करने से क्षेत्र के लोगों को निगम की सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने वन एवं मत्स्य मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि लोगों की इस मांग को अमलीजामा पहनाया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App