चुनाव नतीजों का असर तो होगा ही

By: Jun 15th, 2017 12:05 am

newsशिमला— मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि नगर निगम चुनाव नतीजों का असर तो होगा ही। हर चुनाव नतीजों का कुछ न कुछ असर तो होता ही है। बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी घोषणा पत्र जारी करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोल बांध से स्थायी तौर पर दशकों के लिए शिमला में पेयजल दिक्कत का समाधान ढूंढा जा रहा है। यह योजना जल्द सिरे चढ़ेगी। 410 करोड़ रुपए की इस योजना से शिमला व साथ लगते क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। उन्होंने एक सवाल पर कहा कि भाजपा के नेता जो अब पेयजल के स्थायी समाधान के लिए कांग्रेस को कोस रहे हैं, उन्हें यह भी बताना चाहिए कि शांता कुमार दो बार मुख्यमंत्री रहे। प्रो. प्रेम कुमार धूमल भी दो बार मुख्यमंत्री रहे, तब उन्हें शिमला के लोगों की याद क्यों नहीं आई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला जैसा प्राचीन व आधुनिक शहर बिना पालिसी के नहीं चल सकता। इसलिए सरकार ने वन टाइम सेटलमेंट के तहत लोगों को राहत देने के लिए विधानसभा में विधेयक पारित किया, मगर यह मामला अब अदालत में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि इसके तहत लोगों को 100 फीसदी रियायत तो नहीं मिलेगी, मगर बड़ा फायदा जरूर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रचार के दौरान कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को भारी समर्थन मिल रहा है।

भाजपा को लगेंगे चार माह

मुख्यमंत्री ने भाजपा के केंद्रीय नेताओं द्वारा चुनाव प्रचार में कूदने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हिमाचल को समझने के लिए ऐसे नेताओं को चार महीने लगेंगे। हिमाचल के लोग भले ही सरल हैं, मगर लच्छेदार भाषणों में फंसने वाले नहीं।

रात डेढ़ बजे तक प्रचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह शिमला के लोगों से वैसे तो शुरू से ही संपर्क में रहे हैं, मगर उन्होंने गली-मोहल्लों में रात डेढ़-डेढ़ बजे तक नुक्कड़ सभाएं कीं। अपने लंबे राजनीतिक तजुर्बे के आधार पर वह दावा कर सकते हैं कि इन चुनावों में कांग्रेस का पलड़ा भारी रहेगा।

चिंतन सत्र में लिया हिस्सा

शिमला— मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बुधवार को राज्यपाल आचार्य देवव्रत तथा लेडी गवर्नर दर्शना देवी के साथ राजभवन में आयोजित श्रीरामचरित चिंतन सत्र में शामिल हुए। चिंतन सत्र 18 जून को संपन्न होगा। मुख्यमंत्री तथा राज्यपाल ने सांध्य सत्र का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App