नक्सली हमले में घायल जवान की तबीयत बिगड़ी

By: Jun 2nd, 2017 12:01 am

नाहन— अप्रैल महीने में छत्तीसगढ़ के सुकमा में हुए नक्सली हमले में गंभीर रूप से जख्मी हुए जिला सिरमौर के कोलर के  सैनिक महेंद्र सिंह की बुधवार रात्रि करीब अढ़ाई बजे अचानक तबीयत खराब हो गई। तबीयत खराब होने के चलते परिजनों ने उसे तुरंत डा. वाईएस परमार मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में भर्ती करवाया गया।  महेंद्र सिंह का उपचार विशेष चिकित्सा दल द्वारा शुरू किया गया। अब महेंद्र सिंह की तबीयत   स्थिर है, जिसके चलते गुरुवार देर शाम को चिकित्सकों ने सैनिक को अस्पताल से छुट्टी दे दी । गौर हो कि अपै्रल महीने में छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों द्वारा सेना की टुकड़ी पर हमला किया गया था।   महेंद्र सिंह की गर्दन में गोली लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पहले उनका इलाज सैनिक अस्पताल में करवाया गया। हालत स्थिर होने के बाद सेना प्रशासन ने सैनिक को घर भेज दिया। करीब एक महीने से महेंद्र सिंह घर पर ही उपचाराधीन हैं। महेंद्र सिंह के भाई देशराज ने बताया कि बुधवार देर रात को महेंद्र सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई जिसके चलते उसे मेडिकल कालेज नाहन लाया गया था। उन्होंने कहा कि गुरुवार देर शाम को महेंद्र सिंह की छुट्टी की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App