नगर निगम के लिए जुगाड़ की सियासत

By: Jun 19th, 2017 12:03 am

भाजपा ने अंडरग्राउंड किए पार्टी समर्थित पार्षद, कांग्रेस ने बनाई रणनीति

आज तस्वीर साफ

newsशिमला – नगर निगम शिमला में भले ही कांग्रेस समर्थकों को बहुमत नहीं मिला है लेकिन जोड़-तोड़ करके वह अपनी निगम बनाने की इच्छा रखती है। सूत्रों के अनुसार अपनी इस इच्छा को पूरा करने के लिए  सरकार ने जोर लगा दिया है। ऐसी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने अपने समर्थित पार्षदों को भूमिगत कर दिया है, जो कि अब उसी समय शहर में आएंगे, जब निगम के लिए समर्थन की बात होगी। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस की एक लॉबी इस काम में जुट गई है। क्योंकि सत्तारूढ़ दल किसी भी राज्य में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता है, लिहाजा यहां पर भी अंदरखाते ऐसा चल रहा है। बताया जाता है कि भाजपा के कुछ समर्थक पार्षदों पर कांग्रेस की नजर है, जो कि कांग्रेस को समर्थन देकर उनकी नगर निगम का गठन कर सकते हैं। फिलहाल भाजपा ने जीतने के बाद उनसे पार्टी कार्यालय में बातचीत की और बताया जाता है कि उसके बाद से ही इन लोगों को भूमिगत कर दिया गया है। कांग्रेस को नगर निगम बनाने के लिए मात्र दो पार्षदों का समर्थन और चाहिए। उसके पास अभी महज 12 समर्थित पार्षद हैं और तीन निर्दलीय, जो कि कांग्रेस के ही वर्कर्ज रहे हैं। इन तीनों का समर्थन लेकर कांग्रेस का आंकड़ा 15 तक पहुंचेगा और इसके साथ उसे माकपा के एक समर्थित पार्षद का भी सहयोग मिल जाएगा। ऐसे में आंकड़ा 16 का होगा और उसे 18 करने के लिए दो और पार्षदों की आवश्यकता है। उधर, भाजपा के 17 समर्थित पार्षद चुनकर आए हैं, जिसका भी एक समर्थक निर्दलीय जीतकर आया है। उसे वापस पार्टी में लेकर भाजपा का आंकड़ा 18 के बहुमत को छूता है और इसके दम पर भी भाजपा नगर निगम बनाने जा रही है, मगर सियासत का खेल कुछ उलटा ही चल पड़ा है और अगर इसमें कांग्रेस सफल रहती है तो नगर निगम पर उसका कब्जा होगा। भाजपा को डर है कि कहीं उनके समर्थक कांग्रेस के पास न चले जाएं, लिहाजा वह सभी लोग भूमिगत हो गए हैं, ताकि उनसे किसी तरह से भी संपर्क न हो सके, मगर कांग्रेस के लोग उनको तोड़ने के लिए लगातार लगे हैं।

महापौर बनाने को कसरत

newsशिमला – बहुमत से दूर कांग्रेस ने नगर निगम बनाने को पूरा जोर लगा दिया है। रविवार को इस पर पूरा दिन होलीलॉज में मंथन होता रहा। यहां मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जीते हुए समर्थक पार्षद बुलाए थे, जिनसे उन्होंने बातचीत की और आगे की संभावनाओं पर चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस से मेयर पद की दावेदारी एक महिला पार्षद को लेकर गेम प्लान तैयार हुआ है, जिस पर कांग्रेस एक्शन भी करेगी। मुख्यमंत्री के समर्थक नेता यहां पर डटे रहे और पूरा दिन गेम प्लान तैयार हुआ। कांग्रेस को दो पार्षदों का समर्थन चाहिए और इस सिलसिले में उसने वामपंथी दल से भी बात कर ली है। वापमंथियों का एक पार्षद उनको समर्थक दे सकता है, जिसे देखते हुए आगे की रणनीति पर विचार हुआ। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह यहां शाम तक डटे रहे, जिसके बाद वह वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ख्वाजा खलिलउल्ला द्वारा दी गई इफ्तार पार्टी में गए। बताया जाता है कि यहां पर भी उनके समर्थक साथ थे और बाद में दोबारा निगम बनाने के मुद्दे पर ही होलीलॉजी में दोबारा से बैठक हुई, जोकि देर शाम तक चलती रही। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह भी अपने लोगों से मिलते रहे जिन्होंने भी कई तरह की संभावनाओं पर बात की।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App