फोरलेन की मिट्टी में दबा धर्मपुर का मुश्कीकपूर

By: Jun 3rd, 2017 12:40 am

बाजार पहले ही उजड़ा; शान पर भी चला पीला पंजा, न रहा ज्ञानी और न ही मॉडर्न ढाबा

newsधर्मपुर – फोरलेन के निर्माण ने धर्मपुर बाजार को हमेशा के लिए मिटा दिया है। अब यहां न तो ज्ञानी का ढाबा रहा और न ही मॉडर्न ढाबा। देश और विदेशों से आने वाले पर्यटकों को ये दोनों प्रसिद्ध ढाबे गायब मिलेंगे। धर्मपुर बाजार की शान समझा जाने वाले प्राचीन मुश्कीकपूर का वृक्ष भी फोरलेन की बलि चढ़ गया है। इस वृक्ष को भी चौथे दिन चले अभियान के दौरान काट दिया गया। यह वृक्ष बहुत कम पाया जाता है, इसलिए इसकी मार्केट वैल्यू भी लाखों रुपए में बताई जा रही है। धर्मपुर में जहां एक ओर कारोबार खत्म हुआ नजर आ रहा है, नामी ढाबों पर भी कंपनी के बुल्डोजर का पीला पंजा चला। धर्मपुर में शुक्रवार को ज्ञानी के ढाबे को टक्कर देने वाला मॉडर्न ढाबा भी फोरलेन की जद में आने के कारण मटियामेट हो गया। बता दें कि धर्मपुर के पड़ाव में स्थित मॉडर्न ढाबा से दूर-दूर से आए लगभग 20 लोग अपने परिवार का पेट पाल रहे थे। प्रदेश के आईएएस, एचएएस अन्य अधिकारी भी मॉडर्न ढाबा में रुककर भोजन आदि करते थे। साथ ही जाने-माने अभिनेता भी यहां रुकते थे। दिन-रात मेहनत कर विकसित ढाबा फोरलेन की जद में आने के कारण उजड़ गया। मॉडर्न ढाबा की खासियत यह थी कि सभी को लाजवाब खाना परोसा जाता था। बॉलीवुड के कई फिल्म स्टार व निर्देशक भी इसी ढाबे में खाना खाते थे, वहीं प्रदेश के कई मंत्रिगणों की भी पहली पसंद यही ढाबा था। रिजनेबल रेट के सहारे वाहवाही लूटने वाले ढाबे में हिमाचल के ही नहीं, बल्कि बाहरी राज्यों के लोग इस ढाबे को पसंद करते थे। दूसरी ओर धर्मपुर मार्केट में स्थित पीडब्ल्यूडी आफिस में लगा लगभग सैकड़ों वर्ष पुराना मुश्कीकपूर का पेड़ फोरलेन की जद में आने के कारण काट दिया गया। यह पेड़ धर्मपुर के आसपास के क्षेत्र में बहुत कम मात्रा में पाया जाता है। मुश्कीकपूर के पेड़ के नीचे गर्मियों से बचने के लिए लोग इसका सहारा लेते थे, परंतु फोरलेन की जद में आने के कारण इस वृक्ष का वजूद समाप्त हो गया।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App