रेस्ट हाउस पर खर्च होंगे 35 लाख

By: Jun 18th, 2017 12:07 am

newsकुल्लू- वन, मत्स्य पालन और जनजातीय विकास मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने चार वर्षों के दौरान 1200 वन रक्षक भर्ती किए हैं। वन रक्षकों के ही 156 अन्य पदों की भर्ती प्रक्रिया भी आरंभ की गई है। भरमौरी शनिवार को वन विश्राम गृह मनाली के नवनिर्मित कमरों के उद्घाटन और लगघाटी के गांव शालंग में वन विश्राम गृह के शिलान्यास के बाद शालंग में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वन विश्राम गृह मनाली के विस्तार पर लगभग 35 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। जबकि शालंग के विश्राम गृह पर करीब 50 लाख रुपए की लागत आएगी। श्री भरमौरी ने कहा कि वन विभाग ने प्रदेश भर में 426 विश्राम गृहों के जीर्णोद्धार पर लगभग 50 करोड़ की धनराशि खर्च की है तथा विभाग में कार्यरत 486 दिहाड़ीदारों को नियमित किया गया है। उन्होंने कहा कि लगघाटी में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इस खूबसूरत घाटी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए वन विभाग भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। मंत्री ने कहा कि चार वर्षों के दौरान राज्य सरकार ने हिमाचल का चहुंमुखी विकास किया तथा हर वर्ग को राहत प्रदान की है। अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों को तीन साल और दिहाड़ीदारों को पांच साल में नियमित करने का निर्णय लेकर प्रदेश सरकार ने हजारों कर्मचारियों को लाभान्वित किया है। इस मौके पर पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम चंद शर्मा और डुंखरीगाहर के प्रधान पूर्ण चंद ने वन मंत्री का स्वागत किया तथा क्षेत्र की मांगें उनके समक्ष रखीं।

समारोह में इन्होंने भी भरी हाजिरी

समारोह में जिला परिषद सदस्य प्रेम लता ठाकुर, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष सेस राम चौधरी, वन अरण्यपाल बीएल नेगीए विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। मनाली में उद्घाटन समारोह के दौरान वन मंत्री के साथ मनाली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा, नवीन तनवर और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

एयरफोर्स की टीम को सम्मान

कुल्लू – पर्यटन निगम और एयर फोर्स का संयुक्त सहासिक एडवेंचर कैंप कुल्लू में संपन्न हुआ। इस दौरान वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने एयर फोर्स की टीम को सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर भी मौजूद रहे। इससे पहले हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर रूपेश, बोर्ड के सदस्य गोपाल कृष्ण महंत, जिला पर्यटन निगम जिला अधिकारी रत्न गौतम में संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम और भारतीय वायुसेना ने हिमाचल प्रदेश के टूरिज्म के प्रचार को लेकर संयुक्त सहासिक खेलों एडवैंचर का आयोजन किया। जो 12 जून को शिमला से शुरू हुआ था और आज कुल्लू में इसका समापन्न हो गया है। कुल्लू में इस अभियान के अंतिम दिन सुबह बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के सदस्य गोपाल कृष्ण महंत ने सुबह पीरड़ी से राफ्टिंग की करने को हरी झंडी दी थी। जिसके चलते भारतीय वायुसेना की इस 16 सदस्यीय टीम ने राफ्टिंग की और उसके बाद वन मंत्री हिमाचल प्रदेश ठाकुर सिंह भरमौरी ने इस अभियान का समापन्न किया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में सहासिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं। इससे हिमाचल प्रदेश पर्यटन की दृष्टि से ही नहीं बल्कि यहां से बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले मनाली से ब्यास कुंड तक ट्रैकिंग का आयोजन किया गया। इस ट्रैकिंग कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और युवाओं ने भी भाग लिया। इस मौके पर वायु सेना के अधिकारी मलिक ने बताया कि हिमाचल की वादियां सहासिक गतिविधियों के लिए काफी रोमांचकारी है और यहां सहासिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App