शुकरानी नाला में थमे पहिए

By: Jun 30th, 2017 12:05 am

चंबा —  बेरहम बारिश के बरपे कहर से 24 घंटे के दौरान लोक निर्माण विभाग को 21 लाख रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी चंबा जिला में मूसलाधार बारिश का क्रम रहने से जगह- जगह भू-स्खलन होने से दस संपर्क मार्गों पर वाहनों के पहिए थमे रहे। दोपहर बाद बारिश का दौर थमते ही लोक निर्माण विभाग ने संपर्क मार्गों पर यातायात बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम छेड़ते हुए देर शाम तक अधिकांश मार्गो पर यातायात बहाल करने में सफलता भी हासिल कर ली थी। बरसात के शुरुआती दौर में ही मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते लोक निर्माण विभाग व एनएच प्राधिकरण को मार्गो पर यातयात बहाल रखना चुनौती साबित हो रहा है। भू-स्खलन की दृष्टि से संवेदनशील हिस्सों पर अब 24 घंटे लेबर व मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित की गई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को भी चंबा जिला में मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के कारण तीसा- बैरागढ़ मार्ग पर शुकरानी नाला में भू-स्खलन होने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। जिस कारण चंबा से पांगी के लिए निकले वाहन भी बीच राह में फंसे रहे। देर शाम मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य होने पर वाहन गंतव्य की ओर रवाना हो पाए। इसके अलावा बालू- भियोड, तीसा- मंगली, बहनौता आदि मार्गों पर भू-स्खलन से वाहनों की आवाजाही ठप रही। उधर, लोक निर्माण विभाग चंबा मंडल के एक्सईएन जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि पिछले दो दिनों के भीतर ही बारिश से करीब 45 लाख का नुकसान उठाना पडा है। उन्होंने बताया कि बारिश से हुए नुकसान की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर बजट की मांग की गई है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App