सोशल मीडिया में ओवरचार्जिंग के आरोप, एफआईआर दर्ज

By: Jun 3rd, 2017 12:05 am

मनाली – हिम आंचल टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष राज कुमार डोगरा, उपाध्यक्ष किरण ठाकुर, महासचिव अभि ठाकुर, कोषाध्यक्ष घनश्याम और सहसचिव जय चंद ने कहा कि देश भर से मनाली आ रहे पर्यटकों को यूनियन बेहतरीन टैक्सी सेवाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रही है। प्रतिनिधियों ने कहा कि कुछ एक शरारती लोग ओवर चार्जेज की बात कर टैक्सी यूनियन को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुरुवार रात को सोशल मीडिया में टैक्सी यूनियन पर मनमाने दाम वसूलने के आरोप लगाए गए। डोगरा ने कहा कि बिना तथ्यों व सबूत के यूनियन को बदनाम करने के लिए इन लोगों के खिलाफ यूनियन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को मनाली से कुछ लेना देना नहीं है, वे बिना तथ्यों के यूनियन को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं, जिन्हें बख्शा नहीं जाएगा। इन प्रतिनिधियों ने कहा कि इन दिनों देश भर के टैक्सी व प्राइवेट वाहन रोहतांग दर्रे का रुख कर रहे हैं। उनके अनुसार प्रशासन स्वयं रोहतांग मार्ग पर सैलानियों से ओवर चार्ज की जांच कर रहा है। पिछले कुछ दिनों से एक भी ओवर चार्ज का मामला प्रकाश में नहीं आया है। उन्होंने अफवाहें फैलाने वाले लोगों से आग्रह किया कि वे बिना तथ्यों के टैक्सी यूनियन के खिलाफ इस तरह की अफवाहें न फैलाएं। उधर, मनाली थाना प्रभारी केडी शर्मा ने बताया कि यूनियन ने कुछ एक लोगों पर यूनियन को बदनाम करने का आरोप लगाया है तथा लिखित शिकायत थाने में दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App