कंदरौर में बनेगा एशिया का सबसे ऊंचा शिव मंदिर

By: Jul 1st, 2017 12:01 am

121 फुट होगी हाइट; नौ जुलाई से काम शुरू, राजस्थान के शिल्पकार-हरियाणा के मिस्त्री करेंगे काम

घुमारवीं – सतलुज नदी की कलकल बहती धाराओं के किनारे बसे कंदरौर में एशिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर का निर्माण होगा। शिव मंदिर की ऊंचाई 121 फुट होगी। इस शिव मंदिर की अब तक एशिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर सोलन के जाटोली शिव मंदिर से 10 फुट अधिक हाइट होगी। मंदिर निर्माण का शुभारंभ नौ जुलाई (गुरु पूर्णिमा) से होगा। इसमें अहम बात यह है कि यह मंदिर राजस्थान, कुरुक्षेत्र व दक्षिण भारत मंदिरों की बेजोड़ शैली का अनूठा नमूना होगा। मंदिर का डिजाइन तमिलनाडु राज्य से मंगवाया गया है। मंदिर में दक्षिण भारत मंदिरों की कलाएं उकेरी जाएंगी, जबकि राजस्थान के शिल्पकार तथा हरियाणा के मिस्त्री महादेव के मंदिर को तराशेंगे। लोगों के सहयोग से निर्मित होने वाले इस शिव मंदिर के निर्माण की कवायद शुरू कर दी है। कंदरौर में शिव मंदिर का निर्माण कर रहे आयोजकों का दावा है कि यह मंदिर एशिया का सबसे ऊंचा शिव मंदिर होगा। मंदिर निर्माण में जुटे लोगों का मानना है कि इस शिव मंदिर का मॉडल सोलन के जाटोली शिव मंदिर की तरह होगा, लेकिन इस मंदिर में कई कलाएं उकेरी जाएंगी। कंदरौर में बनने वाला भगवान शिव का मंदिर हिमाचल, कुरुक्षेत्र, राजस्थान तथा दक्षिण भारत के मंदिरों की बेजोड़ शैली का अनूठा नमूना होगा। मंदिर के निर्माण के लिए करोड़ों रुपए खर्च का अनुमान है। लोगों के सहयोग से एकत्रित किए जाने वाले धन से निर्मित होने वाले इस शिव मंदिर में हवन कुंड सहित अन्य पूरी व्यवस्थाएं होंगी। विदित रहे कि सोलन के जाटोली शिव मंदिर की ऊंचाई 111 फुट है। इस मंदिर के निर्माण को करीब  39 सालों का समय लगा है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंदरौर में बनने वाले 121 फुट ऊंचे शिव मंदिर में भी काफी साल लग जाएंगे। वहीं, सतलुज नदी के किनारे कंदरौर शिव मंदिर लाखों लोगों का आस्था का केंद्र है। मान्यताओं के अनुसार मंदिर में रखा हजारों साल पुराना शिवलिंग जमीन से अपने आप निकला था। मंदिर में माथा टेकने के लिए आने वाले भक्तों की यहां पर हर मनोकामना पूरी होती है, जिससे यह मनोकामनेश्वर महादेव मंदिर से भी विख्यात है।

सबसे ऊंचा मंदिर होने का दावा

मंदिर के नागा बाबा जोगेंद्र पुरी का दावा है कि कंदरौर में बनने वाला शिव मंदिर एशिया का सबसे ऊंचा शिव मंदिर होगा। अब तक सोलन का जाटोली शिव मंदिर (111 फुट) का नाम एशिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर होने का नाम दर्ज है, जबकि कंदरौर शिव मंदिर का निर्माण 121 फुट होगा। यह दावा गूगल में सर्च करके किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App