कैलाश मानसरोवर यात्रा पर संकट

By: Jul 8th, 2017 12:02 am

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश-भू-स्खलन से सहमे लोग, कई रास्ते हुए बंद

नैनीताल —  उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रही बारिश और भू-स्खलन से कैलाश मानसरोवर यात्रा रोकी जा सकती है। भारी बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भू-स्खलन हो रहा है और कई जगह चट्टानें खिसक रहीं हैं। इसका असर यात्रा पर पड़ सकता है। कुमाऊं मंडल विकास निगम के अधिकारी भी मौसम को लेकर काफी चिंतित हैं। निगम के साहसिक पर्यटन प्रबंधक डीके शर्मा ने बताया कि ऊंचाई वाले इलाकों में कई जगह भू-स्खलन हो रहा है। हालांकि उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ जिला प्रशासन काफी मुस्तैद है। उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश शुरू हो गई है। हिमालय के ऊंचाई वाले इलाकों में भी यही हाल है। प्रतिदिन 70 से 100 मिलीलीटर तक बारिश रिकार्ड की जा रही है। जिला के संवेदनशील धारचूला एवं मुनस्यारी इलाकों में भी भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर भी जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। गुरुवार को हुई बारिश के कारण तवाघाट से तीन किलोमीटर दूर तीनतोला के पास भारी भू-स्खलन हुआ है। प्रशासन ने मलबा को हटाने के लिए टीम तो लगा दिया है, लेकिन बड़े-बड़े बोल्डर आने से यातायात बाधित हो गया है। बताया जा रहा है कि तीन भारी बोल्डर अभी रोड पर खड़े हैं और उनसे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। इसका असर कैलाश मानसरोवर यात्रा पर भी पड़ने की संभावना है। कैलाश यात्री दर्शन करने के बाद तवाघाट के इसी रास्ते से वापस आते है। प्रशासन ने बोल्डरों को तोड़ने के लिए इस क्षेत्र में काम करने वाली (सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को मार्ग खोलने के लिए कहा है। अभी तक कोई प्रगति नहीं हुई है। भारी बोल्डरों के कारण रोड जाम है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ब्लास्ट करने के अलावा बोल्डरों को हटाया नहीं जा सकता है। कैलाश यात्रा का चौथा दल वापस लौटने वाला है। दल शुक्रवार को गुंजी पहुंच गया है। शनिवार को बूदी पड़ाव पहुंचेगा। मार्ग के नहीं खुलने पर यात्रा दल को रोकना पड़ सकता है। हालांकि जिला प्रशासन बेहद अलर्ट है। धारचूला के उप जिलाधिकारी आरके पांडे ने बताया कि जल्द ही रोड को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। दूसरी ओर स्थानीय लोगों में बीआरओ की कार्यप्रणाली को लेकर काफी नाराजगी है। लोगों एवं प्रशासन का आरोप है कि बीआरओ के अधिकारी एवं कर्मचारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। दो दिन पहले भी मालपा के पास कैलाश यात्रा पर जाने वाले मुंबई के श्रद्धालु की मौत हो गई थी।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App