कोटखाई प्रकरण सुलझा, छह आरोपी गिरफ्तार

By: Jul 13th, 2017 6:13 pm

LOGO1शिमला— कोटखाई के दांदी जंगल में दसवीं की मासूम छात्रा के मर्डर मामले में पुलिस ने पांच और युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। अब इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है। एक युवक आशीष चौहान उर्फ आशु (29) महासू गांव शराल को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले के लिए गठित एसआईटी ने मामला सुलझाते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। डीजीपी सोमेश गोयल ने इस मामले के सुलझाने का दावा करते हुए छह लोगों की गिरफ्तारी का प्रेस कान्फ्रेंस में खुलासा किया। गिरफ्तार किए गए लोगों की उम्र 19 से 42 वर्ष है। डीजीपी ने बताया कि पकड़े गए अन्य लोगों में पिकअप चालक राजेंद्र सिंह उर्फ राजू (32), सुभाष सिंह बिष्ट (42) उत्तराखंड, सूरत सिंह (29) नेपाल, लोकजन उर्फ छोटू (19) नेपाल और दीपक उर्फ दीपू (38) पौड़ी घड़वाल के रहने वाले हैं और ये सब हलाइला में ही रहते हैं। सभी आरोपी स्थानीय हैं और वहीं से पकड़े गए। राजू मंडी के जंजैहली का रहने वाला है और वह हलाइला में ही रहता है। सोमेश गोयल ने कहा कि यह ब्लाइंड मर्डर केस था और इसे सुलझाने पर उन्होंने आईजी और उनकी टीम को बधाई दी।
55 घंटे में 84 लोगों से पूछताछ
आईजी जहूर जैदी ने कहा कि 55 घंटे में 84 लोगों से पूछताछ की और 28 काल डिटेल निकाली और फिर जांच की। जांच तकनीकी रूप से की गई और इस ब्लाइंड मिस्ट्री को क्रैक किया। उन्होंने कहा कि यह हैवानियत का मंजर था और इसे सुलझाया है। एसआईटी में एएसपी भजन देव नेगी के अलावा डीएसपी मनोज जोशी, रतन नेगी, एसएचओ बाबू राम ढली, धर्म सिंह छोटा शिमला, राजेंद्र ठियोग एएसआई रजनीश समेत कई अधिकारी शामिल थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App