कोटखाई में छात्रा का मर्डर, ऊना में पत्नी का गला रेता

By: Jul 7th, 2017 12:15 am

डांडी जंगल में नग्न अवस्था में मिली लाश; रेप की आशंका, मुंह-जिस्म पर खरोंचों के निशान

newsठियोग   – तहसील कोटखाई  के महासू में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा का दिन दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि  रेप करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई है। हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन पहली छानबीन के तहत पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ  नाबालिग छात्रा की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से दो खाली बोतल शराब की भी बरामद की गई है, जबकि लड़की का शव नग्न अवस्था में था और मुंह तथा शरीर में खरोंचों के निशान भी थे। डीएसपी ठियोग मनोज जोशी ने   बताया कि महासू स्कूल में पढ़ने वाली दसवीं कक्षा की छात्रा प्रियंका जो कि बलसन क्षेत्र के टाली खोलना गांव की रहने वाली है, अपने भाई के साथ महासू स्कूल में पढ़ती थी। पुलिस के अनुसार वैसे तो अकसर ये दोनों घर से ही पैदल महासू स्कूल पढ़ने आया करते थे,लेकिन कभी कभार यहां पर अपने मामा के यहां भी रुक जाया करते थे। चार जुलाई को दोनों घर में यह बोलकर आए थे कि वे आज घर नहीं आएंगे और अपने मामा के यहां ही रुकेंगे, लेकिन उसका भाई तो वहीं मामा के यहां पर रुक गया, लेकिन प्रियंका शाम के समय वापस अपने घर चली आई।  पांच जुलाई को जब प्रियंका का कोई पता नहीं चला तो घरवालों ने इसकी छानबीन की। लेकिन इसका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह के समय किसी ने महासू के साथ डांडी के जंगल में टाली खोलना के लिए जाने वाली सड़क से करीब 100 फुट जंगल में नग्न अवस्था में इसका शव देखा जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर आकर शव को कब्जे में लिया है।   पुलिस ने शिमला से डाग स्कवायड मंगवाकर इलाके को सील कर दिया है।

जल्द पकड़ में आने चाहिए कातिल

चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा ने मौके पर जाकर पुलिस प्रशासन से कातिलों को जल्द पकड़ने की बात कही है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना इलाके में पहली बार हुई है, दोषी बचने नहीं चाहिएं।  पिता केशवराम ने भी हत्यारों को जल्द पकड़ने की मांग प्रशासन से की है।

बीटन में खून के प्यासे पति ने चाकू से किया वार

ऊना – ऊना के निजी स्वास्थ्य संस्थान में कार्यरत एक महिला कर्मचारी पर उसके पति ने ही चाकू से जानलेवा हमला कर दिया , जिसमें महिला का  गला कट गया है।  गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में दाखिल करवाया गया है। वहीं, मामले में संलिप्त आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।  जानकारी के अनुसार विमला देवी (29) पुत्री राम स्वरूप निवासी बीटन  की शादी 2012 में रमन कुमार पुत्र केवल कृष्ण गांव  टिबियां डा. बीनेवाल तहसील गढ़शंकर जिला होशियारपुर के साथ हुई थी। शादी के बाद करीब दो-तीन साल तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन इसके बाद पति ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दी। साथ ही दहेज के लिए प्रताडि़त करना  शुरू कर दिया, जिसके चलते महिला ने अपने ससुराल के बजाय अपने मायके में ही रहना शुरू कर दिया था। वहीं, उसने अपनी आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए ऊना के एक निजी अस्पताल में कार्य करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम के समय अचानक ही उसका पति स्वास्थ्य संस्थान में आ पहुंचा। देखते ही देखते पति ने महिला के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। साथ ही जानलेवा हमला भी कर दिया। गुस्साए पति ने महिला पर चाकू से जानलेवा हमला किया।  पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App