छप्पन भोग के बाद पालकी में सवार हुए भगवान श्री जगन्नाथ

By: Jul 3rd, 2017 12:15 am

नाहन में निकली भव्य रथयात्रा; हरे कृष्णा, कृष्णा-कृष्णा से गूंज उठा शहर

newsनाहन- भगवान श्री जगन्नाथजी की रथयात्रा रविवार को विधि-विधान के साथ आरंभ हो गई। यात्रा का शुभारंभ सिरमौर रियासत के अंतिम शासक राजेंद्र प्रकाश के पुत्र उदय प्रकाश ने पूजा-अर्चना के बाद भगवान की पालकी को कंधा देकर किया। जगन्नाथपुरी के बाद नाहन में भगवान श्री जगन्नाथजी की भव्य रथयात्रा निकाली जाती है। इस यात्रा में प्रदेश के अलावा देश के अन्य हिस्सों से भी भक्तों ने भारी संख्या में शिरकत की। यात्रा शुरू होने से पूर्व रविवार प्रातः मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथजी को छप्पन भोग का प्रसाद लगाया गया। उसके उपरांत श्री विग्रहों की पूजा के पश्चात जगन्नाथ मंदिर से चौगान मैदान तक भगवान को पालकी में ले जाया गया। इस दौरान जहां सिरमौर रियासत के वारिस उदय प्रकाश, भाजपा के नेता डा. राजीव बिंदल, कांग्रेस अध्यक्ष अजय सोलंकी व अन्य गणमान्य लोगों ने भगवान जगन्नाथ जी की पालकी को कांधा दिया। चौगान मैदान में भगवान श्री जगन्नाथ की यात्रा आरंभ होने से पूर्व श्री विग्रहों को रथ पर आरूढ़ किया गया तथा छप्पन भोगों का प्रसाद चढ़ाया गया। गौर हो कि जिला मुख्यालय नाहन में कई वर्षों से भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा विधि-विधान के साथ आरंभ की जा रही है। मंदिर के मुख्य पुजारी नरेश पाबुच ने बताया कि इस यात्रा में न केवल जिला सिरमौर, बल्कि बाहरी राज्यों से भी भगवान श्री कृष्ण के अनुयायियों ने भाग लिया। यात्रा में श्री चैतन्य गोडिया मठ चंडीगढ़ एवं वृंदावन से आए भक्तों के अलावा स्थानीय लोगों ने भारी संख्या में भाग लेकर यात्रा के गवाह बने। इस यात्रा में देश भर के करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

भक्तिमय हुआ नगर

भगवान श्री जगन्नाथजी की यात्रा के भव्य आयोजन के दौरान पूरा शहर भक्तिमय हो गया। पूरा शहर हरे कृष्णा, कृष्णा कृष्णा हरे हरे से गूंज उठा। यात्रा में भक्त कई टोलियों में भक्ति रस में डूबे नजर आए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App