धंस रहे मने गांव को दस लाख

By: Jul 10th, 2017 12:01 am

प्रशासन ने दी मदद; अभी भी भू-स्खलन जारी, नहीं पहुंचे भू-वैज्ञानिक

काजा – जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के काजा उपमंडल के तहत आने वाले मने गांव के खतरे को भांपते हुए जिला प्रशासन ने गांव के लिए दस लाख रुपए जारी किए हैं। प्रशासन की ओर से जारी की गई इस राशि से मने गांव में एक चैकडैम बनाया जाएगा। गांव के नीचे जहां पानी का रिसाव होकर झील बन रही है, वहां प्रशासन ने चैकडैम बनाने के लिए यह दस लाख रुपए की राशि जारी की है। मने गांव में भू-स्खलन का दौर लगातार जारी है, लेकिन मने गांव का निरीक्षण करने के लिए सरकार की ओर से भू-वैज्ञानिक अभी तक नहीं पहुंच पाए हैं, जिसका मने गांव के लोगों में भी काफी मलाल है। प्रशासन ने मने गांव को दस लाख रुपए की राशि जारी कर पल्ला तो झाड़ लिया है, लेकिन अभी तक गांव के जो दो घरों के लोग बेघर हुए हैं। उसके लिए सरकार व प्रशासन कोई योजना नहीं बना पाए हैं, जबकि मने गांव के दो घरों में दरारें आने के बाद लोग घरों को छोड़कर रिश्तेदारों के यहां रातें बिता रहे हैं। प्रशासन की ओर से उन लोगों के लिए अभी कोई भी इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों का कहना है कि अभी तक सरकार के भू-वैज्ञानिकों को मने गांव की स्थिति का जायजा लेकर किसानों की भू-स्खलन के कारण नष्ट हुई बेशकीमती भूमि का मुआवजा भी दिया जाना चाहिए था। अतिरिक्त उपायुक्त काजा विक्रम सिंह नेगी कहते हैं कि मने गांव में चैकडैम बनाने के लिए प्रशासन की ओर से आईपीएच विभाग को दस लाख रुपए की राशि जारी कर दी गई है। जल्द ही भू-वैज्ञानिक स्थिति का जायजा लेकर मने गांव की पुनर्स्थापना की योजना पर विचार किया जाएगा।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App