नादौन में जाल छोड़कर भागे शिकारी

By: Jul 2nd, 2017 12:07 am

newsनादौन – ब्यास नदी नादौन के आसपास प्रतिबंध के बावजूद मछलियों का शिकार करने वाले अवैध शिकारियों को पकड़ने के लिए जिला मत्स्य अधिकारी चंचल ठाकुर के आदेशानुसार विशेष अभियान चलाया। विभाग की ओर से सहायक मत्स्य अधिकारी विजय सिंह चौहान तथा एफएम पद्म देव ने शनिवार सुबह-सवेरे ही नादौन के साथ लगते मानपुल, कलूर, कोहला, बेला गांवों सहित ब्यास नदी किनारे दबिश दी। इस दौरान उन्होंने अवैध तौर पर मछलियों का शिकार करने वाले दो शिकारियों को मौका पर ही पकड़ कर उनके विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया। विजय सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बहने वाली मानखड्ड, कुनाह खड्ड सहित अन्य खड्डों व ब्यास नदी किनारे भी दबिश दी गई। इस दौरान दबिश के कारण कई शिकारी अपने जाल छोड़ कर मौके से फरार हो गए। टीम ने यह जाल भी जब्त कर लिए हैं। विजय सिंह ने बताया कि टीम ने नादौन में मछली का शिकार करने के लिए 18 आवेदकों के नए लाइसेंस भी बना कर दिए, जो कि प्रतिबंध समाप्त होने के बाद मछली का शिकार कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में रहने वाले प्रवासी लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि यदि कोई प्रवासी या कोई लाइसेंसधारी भी मछली के शिकार पर लगे प्रतिबंध के दौरान अवैध तौर पर शिकार करता हुआ पकड़ा गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतिबंध के दौरान यदि शिकार करता हुआ पकड़ा गया, तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार पहली जून से 31 जुलाई तक मछली के शिकार पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध होता है, क्योंकि इस दौरान मछली का संवर्द्धन तथा प्रजनन होता है। गौर हो कि नादौन तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में प्रवासी तथा कुछ स्थानीय लोगों द्वारा अवैध तौर पर शिकार करने की शिकायतें विभाग को मिल रही थीं। इसके चलते विभाग ने यह कार्रवाई की है। जिला मत्स्य अधिकारी चंचल ठाकुर ने बताया कि विभाग प्रतिबंध के दौरान मछली का अवैध शिकार करने वालों पर कड़ी नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App