पल भर में तीन मंजिला मकान ढेर

By: Jul 17th, 2017 12:10 am

newsचंबा —  लुड्डू पंचायत के खलानी गांव में रविवार सवेरे भू-स्खलन के कारण एक तिमंजिला मकान ढहकर मिट्टी के ढेर में तबदील हो गया। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त मकान में कोई भी पारिवारिक सदस्य नहीं था। अन्यथा जानी नुकसान की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता था। जानकारी के अनुसार खलानी गाव के ओमी पुत्र किरपा रामा का तिमंजिला पक्का मकान भू-स्खलन के कारण पिल्लर कमजोर पड़ने के कारण ढह गया। घटना के दौरान मकान में कोई भी पारिवारिक सदस्य मौजूद नहीं था। मकान गिरने की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इसी बीच घटना का पता चलते ही मकान मालिक भी सदस्यों संग आ पहुंचा। बाद में घटना की सूचना पाते ही लुड्डू पंचायत के प्रधान दलीप भारद्वाज ने खलानी गांव पहुंचकर प्रभावित परिवार से बातचीत की। पंचायत प्रधान ने प्रभावित परिवार को आश्वासन दिया है कि उन्हें उपमंडलीय प्रशासन की ओर से हरसंभव आर्थिक सहायता दिलवाई जाएगी। बहरहाल, लुड्डू पंचायत के खलानी गांव में भू-स्खलन की जद में आने से एक तिमंजिला मकान जमींदोज हो गया। उधर, लुड्डू पंचायत के प्रधान दलीप भारद्वाज ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मौके का दौरा करने के बाद प्रशासन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App