बंगाणा में शिकारी को लगी गोली

By: Jul 15th, 2017 12:40 am

जोल में हादसा, अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में तोड़ा दम

newsबंगाणा – बंगाणा उपमंडल के अंतर्गत शिकार खेलने गए शिकारी की गोली (छर्रे) लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान देवराज (45) पुत्र बृजलाल निवासी गांव खुरवाईं के तौर पर हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के लिए भेज दिया है। साथ ही आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी जोल के तहत देवराज पुत्र बृजलाल निवासी गांव खुरवाईं गुरुवार रात को निजी बंदूक लेकर जंगल में शिकार के लिए गया था, लेकिन जंगल में उसे गोली लग गई, जिससे वह गंभीर घायल हो गया था। शिकार खेलने गए देवराज के समय पर घर वापस नहीं लौटने के चलते परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश की। स्थानीय लोगों ने व्यक्ति की तलाश जंगल में शुरू की, तो वह घायल हालत में मिला। लोगों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन बीच रास्ते में ही देवराज ने दम तोड़ दिया। करीब छह-सात छर्रे इस व्यक्ति के शरीर में पाए गए हैं। वहीं, जोल पुलिस को भी हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर डीएसपी हैडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह भी टीम सहित मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कई लोगों से पूछताछ भी की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी, बेटा और बेटी छोड़ गया है। पुलिस ने इस मामले से संबंधित कई लोगों से पूछताछ भी की है, जिसके लिए लोगों को थाना तलब किया गया था। डीएसपी हैडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। साथ ही पोस्टमार्टम के लिए शव क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App