मां नैणा संग भक्तों ने लगाई डुबकी

By: Jul 17th, 2017 12:05 am

भुंतर —  जिला कुल्लू के पिपलागे क्षेत्र में हर साल मां नैणा उग्रतारा के सम्मान में होने वाले देवोत्सव की तैयारियां हारियानों ने आरंभ कर दी हैं। इसके तहत ब्यास-पार्वती के संगम स्थल भुंतर में माता ने हारियानों सहित शाही स्नान किया। हारियानों और कार कारिंदों ने माता को भुंतर पहुंचाया। माता के पुरोहितों ने मंत्रोच्चारण के बीच संगम की प्रक्रिया आरंभ की। इसके बाद माता ने हारियानों सहित ब्यास-पार्वती के जल में डुबकी लगाई। माता के हारियानों ने बताया कि सुबह पुरोहितों और कार कारिंदों ने मंत्रोच्चारण और दैविक विधि-विधानों से प्रक्रिया को आरंभ किया, उसके बाद अन्य गतिविधियों को भी पूरा किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार 26 जुलाई को देवोत्सव के मौके पर माता के दरबार में भजन-कीर्तन में हजारों भक्त झूमेंगे। इस दौरान माता अपने गूरों के जरिए जलते अंगारों के बीच अपनी शक्तिओं और मौजूदगी का भी आभास करवाएंगी। इसके अलावा भक्तों के लिए विशाल भंडारा भी यहां पर लगेगा। त्रिनेत्र समिति पिपलागे ने बताया कि इस दौरान हजारों की संख्या में यहां पर रूपी घाटी और स्नोर घाटी सहित जिला के अन्य इलाकों के भक्त भाग लेंगे और माता का आशीर्वाद लेंगे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App