लेबर होस्टल में भैंसें बांध गरजी भाजपा

By: Jul 12th, 2017 12:15 am

बाथू में सरकार के खिलाफ जमकर लगाए नारे; अब तक न किसी को रिहायश, न कोई तैनाती

newsटाहलीवाल —  बाथू में बने करोड़ों के लेबर होस्टल में ताले लटकने के बाद भैंसें बांधकर सरकार विरोधी जबरदस्त रोष-प्रदर्शन किया। इस मौके पर सरकार को जनविरोधी करार देते हुए जोरदार नारेबाजी की गई। भैंसों को लेबर होस्टल में बांधकर भाजपा द्वारा किए गए अनूठे प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस सरकार के विकास पर कई गंभीर आरोप लगाए गए। हरोली क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को भ्रष्टाचार करार दिया गया। प्रदर्शन की अगवाई क्षेत्रीय भाजपा नेता प्रो. राम कुमार ने की। इस मौके पर क्षेत्र के अन्य भाजपा प्रतिनिधि व सदस्य उपस्थित थे। भाजपा नेता राम कुमार ने हरोली क्षेत्र में हुए विकास को भ्रष्टाचार का नाम दिया है। उन्होंने कहा कि बाथू में जो लेबर होस्टल बनाने के लिए करोड़ों की राशि खर्च की गई है, उसी होस्टल में आज दिन तक किसी भी कामगार को रिहायश उपलब्ध नहीं हो पाई है और न ही होस्टल में किसी कर्मचारी की तैनाती की गई। हालात ये हो गए हैं कि होस्टल में ताले लगा दिए गए हैं। ऐसे भवनों के निर्माण को जब जनता की सहूलियत के लिए प्रयोग नहीं किया जाना है, तो किन कारणों से सरकारी धन की बर्बादी की गई है। राम कुमार ने आरोप लगाया कि ऐसे भवनों के निर्माण में बडे़ स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। यदि लेबर होस्टल जनता को समर्पित नहीं करना है, तो इनमें फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले आवारा पशुओं को ही बांधने की सुविधा दी जाए। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य लखबीर लक्खी, हरोली भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष सत्या राणा, अनूप राणा, अर्जुन सिंह, शेर सिंह गर्ग, कमल सैणी, सतीश गर्ग, प्रताप सिंह, अमन, जोगिंद्र पाल, मोहन लाल, गुलजारी लाल मौजूद रहे।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App