स्विट्जरलैंड में रिसर्च करेंगे धर्मशाला के वरुण

By: Jul 2nd, 2017 12:03 am

newsधर्मशाला – प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला के समीपवर्ती बड़ोल के वरुण कुमार विदेश में शोध कार्य करेंगे। वरुण कुमार को फ्रांस के नेशनल सेंटर फॉर साइंटिफिक रिसर्च तथा स्विट्जरलैंड के एक संस्थान से पर्यावरण संरक्षण व जलवायु परिवर्तन पर शोध कार्य करने के लिए निमंत्रण मिला है। यह शोध कार्य पूरा करने का खर्च भी वहीं की सरकार उठाएगी। दोनों देशों से मिले इस निमंत्रण के बाद वरुण ने स्विट्जरलैंड में शोध कार्य को करने के लिए हामी भर दी है। जानकारी के अनुसार बड़ोल (धर्मशाला) के रहने वाले वरुण कुमार सिविल इंजीनियर हैं। उन्होंने एनआईटी हमीरपुर से पढ़ाई करने के बाद एमटेक आईआईटी कानपुर से की। आईआईटी में उन्होंने जलवायु परिवर्तन पर काम किया है और उनके शोध कार्य को इंग्लैंड के एक जर्नल ‘एटमॉसफेरिक एन्वायरनमेंट’ ने प्रकाशित भी किया है। वरुण के जलवायु संरक्षण पर किए गए शोध को देखते हुए ही अब स्विट्जरलैंड में पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन पर शोध कार्य करने के लिए निमंत्रण मिला है। वरुण ने इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता को दिया है। उनके पिता प्रदीप कुमार प्रधानाचार्य रह चुके हैं, जबकि माता उर्मिला देवी गृहिणी हैं। वरुण को शोध के लिए निमंत्रण देने वाले दोनों संस्थान विश्व के प्रमुख शोध संस्थानों में शामिल हैं। वरुण का कहना है कि वह विज्ञान व प्रौद्योगिकी में करियर बनाएंगे व भारत वापस आकर यहां शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App