होली को ईको पार्क की सौगात

By: Jul 26th, 2017 12:05 am

भरमौर —  वन विभाग की ओर से 68वें मंडलस्तरीय वन महोत्सव का आयोजन होली में किया गया। इस मौके पर वन एवं मत्स्य मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने चीड़ का पौधा रोपकर विधिवत तरीके से वनमहोत्सव का शुभारंभ किया। तदोपरांत वन मंत्री ने होली में 35 लाख की लागत से निर्मित ईको पार्क की सौगात भी जनता को सौंपी। उन्होंने कहा कि भरमौर में प्राकृतिक पर्यटन की अपार संभावनाओं के दोहन हेतु एक नीति तैयार की जा रही है। इसके तहत किलाड़, मैहला पर घराडू में एक करोड़ रुपए की लागत से नेचर पार्कों का निर्माण किया जाएगा। इससे जहां स्थानीय लोगों को आय के अतिरिक्त साधन उपलब्ध होंगे, वहीं पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि होली नेचर पार्क में खजियार की तर्ज पर बैटरी संचालित कार चलाई जाएगी। उन्होंने साथ ही होली को कल्चरल हेरिटेज टाउन बनाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि सरकार हल्के में समग्र विकास के प्रति कृतसंकल्पित है। इससे पहले डीएफओ चंबा डा. संजीव शर्मा, डीएफओ चुराह कमल भारती और डीएफओ भरमौरी सुमन औही ने वनमंत्री को चंबा थाल देकर सम्मानित भी किया। समारोह में एडीएम विनय धीमान, सावित्री भरमौरी व प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव अमित भरमौरी को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसडीएम बालकृष्ण चौधरी, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ब्रह्मानंद ठाकुर, संजय ठाकुर, टीएसी मेंबर भजन ठाकुर व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष संजीव ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App