इस बार डायनों ने हराए देवता

By: Aug 27th, 2017 12:20 am

सात युद्धों में से चार में दर्ज की जीत, फसलों के लिए अच्छे संकेत

NEWSमंडी— भादो महीने में इस बार देवी-देवताओं और डायनो के बीच हुए युद्ध में डायनों का पलड़ा भारी रहा है।  देवताओं के साथ हुए सात युद्धों में से चार युद्धों में डायनों की जीत हुई है, जबकि दो युद्ध देवताओं ने जीते हैं और एक युद्ध बराबरी पर रहा है। डायनों के जीतने से अब धन्य-धान्य और फसलों में तो वृद्धि होगी, लेकिन प्राणी जगत पर आने वाला समय और भारी पडे़गा। बता दें कि इन दिनों में मंडी के मंदिरों में देवी-देवताओं के जाग होम जारी हैं, जिसमें अंगारों पर खेलते हुए देवी देवताओं के गूर यह भविष्यवाणियां कर रहे हैं। गौर हो कि सदियों से भादो के महीने में मंडी में देवताओं और डायनों के बीच दं्रग विस के डायना पार्क में युद्ध होने की बातें चली आ रही हैं, जिसके प्रमाण जाग होम में मिल रहे हैं। इसी कड़ी में गणेश चतुर्थी की संध्या पर तुंगल क्षेत्र के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बगलामुखी मंदिर सेहली में 62वें वार्षिक जाग होम  में इस बात का खुलासा देवी के गूर अमरजीत ने किया है। अर्द्धरात्रि को माता के गूर अमरजीत शर्मा व उपस्थित दर्जनों छरनाटों में मां की शक्ति ने प्रवेश किया व अनेक प्रकार की देववाणी करके भक्तों का मार्गदर्शन किया। गूर ने देववाणी करते हुए कहा कि इस मर्तबा देवताओं पर डायने भारी रहीं हैं व आने वाला समय प्राणी मात्र के लिए अनेक प्रकार की आपदाओं से भरा रहेगा। साल भर  अनेक प्रकार की भयंकर आगजनी घटनाएं, भू-स्खलन, भूकंप, राजनीतिक द्वेष, अल्प मौतें व समाज विरोधी गतिविधियां अधिक होंगी, जिससे समाज का वातावरण बिगड़ेगा। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में किसी भी आपदा को माता प्रवेश नहीं होने देगी। भक्तों पर सदा मां का आशीर्वाद बना  रहेगा। उन्होंने बताया कि डकन चौदस को देवताओं व डायनों के बीच युद्ध में सात युद्ध विभिन्न क्षेत्रों में हुए हैं,जिसमें दो स्थानों पर देवता व चार स्थानों में डायनें विजयी रहीं, वहीं एक युद्ध बराबर रहा। वहीं, इस जाग होम में साईं संगीत-भजन मंडली व कश्मीर सिंह एंड पार्टी ने रात भर माता की महिमा का गुणगान किया। इस दौरान भक्तों ने देवी मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App