कम किराए वाली लग्जरी बसें जल्द

By: Aug 25th, 2017 12:15 am

newsशिमला  —  प्रदेश पथ परिवहन निगम साधारण किराए पर एसी लग्जरी बसें चलाएगा। पहले चरण में 40 लंबे रूटों पर ये बसें चलेंगी। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने प्रेस कान्फ्रेंस कर यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इसमें राज्यों के बाहर रूटों के अलावा राज्य के भीतर के भी रूट होंगे। रूटों का जल्द चयन किया जाएगा।  मंत्री ने कहा है कि निगम के बेड़े में जल्द ही 325 नई बसें शामिल की जाएंगी। ये बसें बीएस-4 मानक की होंगी। राज्य के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में निगम मुद्रिका बसें चलाएगा। ये बसें 25 सीटर होंगी, जो कि वैट लीज के आधार पर चलाई जाएंगी। एक रुपए प्रति किलोमीटर किराए वाले 16 नई लग्जरी बसें भी जल्द चलाई जाएंगी। बसों में सफाई की शिकायतों को देखते हुए इसका काम एक कंपनी को दिया गया है। बसों की अब वैक्यूम क्लीनर से सफाई करवाई जाएगी। इसकी शुरुआत दिल्ली रूट की बसों से होगी। पहले चरण में 700 बसों की सफाई का काम ठेके पर दिया गया है। परिवहन निगम ने यात्रियों को सस्ता भोजन उपलब्ध करवाने के लिए राजीव थाली योजना कुछ बस अड्डों पर शुरू की थी, इसको अब शिमला, रामपुर, नूरपुर, कुल्लू, केलांग और धर्मशाला में उपलब्ध करवाया जाएगा। यात्रियों को 25 रुपए में स्वादिष्ट खाना मिलेगा।

एचआरटीसी को मिले 325 नए चालक

निगम ने चालक भर्ती परीक्षा का परिणाम भी घोषित कर दिया है। परिवहन मंत्री ने बताया कि निगम ने 574 चालकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की थी, इसके तहत 325 पदों के लिए परिणाम घोषित कर दिया गया है। इसमें खेल व अन्य कोटे के पद खाली रह गए हैं। इनको सामान्य श्रेणी से भरने का मामला वित्त विभाग के पास रखा गया है। निगम ने कर्मियों को चार साल में 609 करोड़ के वित्तीय लाभ दिए हैं। पेंशन भी जारी कर दी गई है। परिवहन मंत्री ने एचआरटीसी की ऑनलाइन बुकिंग के लिए नया वेबपोर्टल भी शुरू किया।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App