कार पर गिरी चट्टान दो सुरक्षित, एक गंभीर

By: Aug 7th, 2017 12:03 am

newsपंडोह – चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर हणोगी की पहाडि़यां रविवार को यात्रियों पर कहर बनकर टूटीं। रविवार शाम पहाड़ी दरकने से पर्यटकों की एक कार चट्टानों की चपेट में आ गई। हादसे में तीन पर्यटक घायल हो गए। दो पर्यटकों की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि एक गंभीर घायल है। पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण कार पूरी तरह चट्टानों में दब गई। पास के लोगों ने तुंरत युवकों को कार से निकलने के लिए अभियान शुरू कर दिया। दो पर्यटकों को वहां वाहन चालकों ने कार से सकुशल बाहर निकाला, जबकि एक घायल को एक घंटे बाद निकाला गया और तीनों को सीएचसी नगवाईं पहुंचाया। यहां उपचार चल रहा है। रविवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे एक कार चंडीगढ़ से मनाली की ओर जा रही थी। इसमें तीन लोग सवार थे। जैसे ही कार हणोगी के पास पहुंची। अचानक पहाड़ी से चट्टानें कार पर गिर गईं। घायलों में विनोद कुमार (51) कर्नाटक, विक्रमजीत सिंह (31) अमृतसर व जोयाल (36) गोआ शामिल हैं, जिन्हें नगवाईं सीएचसी में भर्ती करवाया गया है। चट्टानों की चपेट में आने वाली गाड़ी के पीछे और भी कुछ गाडि़यां थीं। हादसा होने के तुंरत बाद लोगों ने मौका संभालते हुए बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया और तीनों पर्यटकों को सकुशल बाहर निकाला लिया। इस मार्ग पर बार-बार भू-स्खलन हो रहा है। इससे सफर जोखिम भरा हो गया है, जिस प्रकार से यहां पहाड़ी से लगातार चट्टानें गिर रही हैं, उसे इस क्षेत्र में बरसात के दिनों में सफर करना जानलेवा साबित हो रहा है। गनीमत यह रही कि दूसरे वाहनों में सवार लोगों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए कार में सवार तीन लोगों को बचा लिया। पहाड़ी दरकने से यह मार्ग थोड़ी देर यातायात के लिए बाधित भी रहा। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने की है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App