गहलोत भाजपा के चुनाव प्रभारी

By: Aug 25th, 2017 12:03 am

केंद्रीय मंत्री के जरिए अनुसूचित जाति वर्ग के वोट बैंक पर नजर

NEWSशिमला— भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत को हिमाचल प्रदेश भाजपा का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। श्री गहलोत मध्य प्रदेश से हैं व अनुसूचित जाति वर्ग से संबंध रखते हैं। विधानसभा चुनावों से पूर्व पार्टी की यह नियुक्ति काफी महत्त्वपूर्ण मानी जा रही है। हिमाचल में 28 फीसदी से भी ज्यादा अनुसूचित जाति वर्ग का वोट बैंक है। चुनाव से तीन महीने पहले उनकी यह नियुक्ति पार्टी के लिए कितनी लाभकारी साबित होगी, यह तो समय बताएगा, मगर इतना जरूर है कि गहलोत टिकट वितरण में भी अहम भूमिका निभाएंगे। विभिन्न नेताओं व वर्कर्ज से मिलने के बाद पार्टी की केंद्रीय कमान को जो फीडबैक वह देंगे, उसी के आधार पर टिकटों का आबंटन होगा। यानी बिहार के मंत्री व हिमाचल भाजपा के प्रभारी मंगल पांडे के साथ मिलकर चुनाव प्रभारी अब हिमाचल भाजपा के नेताओं को जहां प्रचार में और प्रभावी तरीके से सहायक बनेंगे, वहीं चुनावी प्रक्रिया में भी इनका खास रोल होगा। हालांकि भाजपा का केंद्रीय संसदीय बोर्ड ही टिकटों पर अंतिम निर्णय लेता है, मगर किसी भी राज्य में पार्टी जो प्रभारी तैनात करती हैं, उसकी सिफारिशें भी काफी महत्त्वपूर्ण मानी जाती हैं। प्रदेश में अभी तक भाजपा के भीतर नेतृत्व को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है। पार्टी के ही भीतर चर्चा है कि सितंबर तक इस बारे में भी पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों और स्वतंत्र सर्वेक्षणों के आधार पर पार्टी इसका भी ऐलान कर सकती है। यही

नहीं, गहलोत के हिमाचल दौरों के दौरान ही चुनावी प्रक्रिया से संबंधित कुछ समितियों का भी ऐलान हो सकता है। बहरहाल, थावर चंद गहलोत की ताजा नियुक्ति से पार्टी को कितना लाभ मिलेगा, यह समय बताएगा।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App